चंडीगढ़ : हरियाणा में चल रही बड़ी सियासी हलचल खत्म हो गई है और लोकसभा चुनाव 2024 से पहले और राज्य के विधानसभा चुनाव से 6 महीने भाजपा ने बड़ा दांव चला है. पार्टी ने नायब सिंह सैनी राज्य का नया मुख्यमंत्री बनाया है. पार्टी ने अपने मौजूदा सीएम मनोहर लाल खट्टर को हटाकर राज्य में बीजेपी के अध्यक्ष रहे नायब सैनी को मुख्यमंत्री बनाया है. वह आज ही शपथ लेंगे. उन्हें राज्य में ओबीसी का चेहरा माना जाता है. नायब अभी कुरुक्षेत्र से पार्टी के सांसद हैं.
वहीं इससे पहले, जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के साथ भाजपा का गठबंधन टूटने के कुछ घंटों बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को राज्य के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. हरियाणा विधानसभा में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व वाली जेजेपी के 10 विधायक थे. मनोहर लाल खट्टर ने अपना इस्तीफा हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को सौंप दिया है.
यह भी पढे़ं : नायब सैनी होंगे हरियाणा के नए CM- विधायक दल की मीटिंग में फैसला, जानें क्यों हुआ ये बदलाव
ऐसे शुरू हुआ नायब सिंह का राजनीतिक सफर
25 जनवरी 1970 में अंबाला में पैदा होने कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी को पिछले साल अक्टूबर में हरियाणा भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था. सैनी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी) के निर्मल सिंह पर 3.83 लाख से अधिक वोटों से कुरुक्षेत्र निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की थी.
सैनी, जो 2014 में पहली बार विधायक चुने गए और तब से मंत्री के रूप में कार्यरत हैं, उन्हें मनोहर लाल खट्टर का विश्वासपात्र माना जाता है. सैनी भाजपा के साथ 1996 में आए, जब वह हरियाणा भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में शामिल हुए और 2000 तक राज्य महासचिव के रूप में कार्य किया.
वह 2002 में अंबाला में भाजपा युवा विंग के जिला महासचिव बने. 2005 में जिला अध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति हुई.
नायब सिंह सैनी की साथ संजय भाटिया के नाम की चर्चा भी मुख्यमंत्री बनाए जाने के तौर पर हो रही थी.
हरियाणा के कई जिलों में सैनी जाति रखती है प्रभाव
सैनी जाति हरियाणा की आबादी का लगभग 8 प्रतिशत है, जिसकी कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला, हिसार और रेवाड़ी जिलों में पर्याप्त उपस्थिति है, जिसका लोकसभा चुनाव पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ेगा.
काफी अमीर हैं नायब सिंह सैनी, जानें उनकी संपत्ति
2019 के चुनाव में दाखिल हलफनामे के मुताबिक नायब सिंह सैनी की कुल संपत्ति 3 करोड़ है. उन्होंने 2017-18 में कुल 33 लाख से ज्यादा इनकम टैक्स भरा है. जो कि 2015-16 में यह 19 लाख था. हलफनामे के मुताबिक उनके पास कुल 4 लाख नकद है. जबकि बैंकों में उनके 24 लाख रुपये से ज्यादा जमा हैं.
उनके पास 5 लाख रुपये से ज्यादा एनएसएस और पोस्टल सेविंग्स स्कीम्स हैं. 3 लाख से ज्यादा रुपये की एलआईसी है. 12 लाख रुपये से ज्यादा कीमत की 2014 मॉडल की इनोवा कार और 2004 की क्वालिस मॉडल की कार है.
इसके अलावा उनके पास 30 लाख रुपये से ज्यादा कीमत की 30 ग्राम की सोने की जूलरी है और 1 किलो चांदी भी.
सैनी के पास 55 लाख रुपये से अधिक खेती योग्य जमीन है. उनके पास ढाई करोड़ रुपये के दो घर भी हैं.
यह भी पढे़ं : 'हताश BJP कर रही है लोगों को बांटने की राजनीति', कांग्रेस ने CAA लागू करने की टाइमिंग पर उठाए सवाल
कृष्ण लाल मिड्ढा ने की नये मुख्यमंत्री की घोषणा
आज चंडीगढ़ में बीजेपी विधायकों की बैठक के बाद घोषणा करते हुए हरियाणा बीजेपी विधायक कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा, ''नायाब सिंह सैनी हरियाणा के अगले सीएम होंगे. सभी लोग अब राज्यपाल से मिलने जा रहे हैं.''
बीजेपी और उसके सहयोगी 6 निर्दलीय विधायक अब राज्यपाल से मिलेंगे. नए मुख्यमंत्री की आज शपथ लेने की उम्मीद है.
विधानसभा में सीटों का ये है आंकड़ा
90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में बीजेपी के 41 विधायक हैं. इसे 5 निर्दलीय विधायकों और हरियाणा लोकहित पार्टी के विधायक गोपाल कांडा का भी समर्थन प्राप्त है.
करनाल से बीजेपी सांसद संजय भाटिया ने कहा, "...अपना मंत्रिमंडल चुनना सीएम का अधिकार है और वह पार्टी के परामर्श से ऐसा करेंगे...हम हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतेंगे..."
2019 के लोकसभा चुनावों में, भाजपा ने सभी 10 संसदीय सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि जेजेपी, जिसने AAP के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था, लेकिन जेजेपी को 7 सीटों पर जीत नहीं मिल सकी थी, जिस पर उसने चुनाव लड़ा था.
यह भी पढे़ं : Haryana political crisis: हुड्डा बोले- स्वार्थ के कारण BJP-JJP साथ आए थे, अब एक और समझौता गठबंधन के खात्मे का हुआ है