BRICS डिनर में सजा भारत का स्वाद, मिलेट पुलाव से जलेबी तक... मेहमानों को परोसे गए खास भारतीय व्यंजन

दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान भारत मंडपम में सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों के सम्मान में खास गाला डिनर का आयोजन किया गया. इस दौरान विदेशी मेहमानों को भारतीय खानपान, संस्कृति और विविधता की खास झलक देखने को मिली.

brics-gala-dinner-indian-cuisine-culture-modi-xi-putin
Image Source: ANI

दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान भारत मंडपम में सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों के सम्मान में खास गाला डिनर का आयोजन किया गया. इस दौरान विदेशी मेहमानों को भारतीय खानपान, संस्कृति और विविधता की खास झलक देखने को मिली. डिनर के लिए तैयार किए गए शाकाहारी मेनू में देश के अलग-अलग हिस्सों के पारंपरिक व्यंजनों को आधुनिक और शाही अंदाज में पेश किया गया.

स्टार्टर्स में दिखा गुजराती और अवधी स्वाद

मेहमानों को शुरुआत में खांडवी मिल-फॉय और खुंब गलौटी परोसी गई. गुजरात की पारंपरिक खांडवी को राई, नारियल और कड़ी पत्ते के तड़के के साथ तैयार कर केसरिया आम, माइक्रो-ग्रीन्स और दही की ड्रेसिंग के साथ परोसा गया. वहीं अवधी शैली के खुंब गलौटी में मशरूम के नर्म कबाब को मिंट पर्ल्स और शीरमाल ब्रेड के साथ पेश किया गया.

मेन कोर्स में देशभर के व्यंजनों की झलक

मुख्य भोजन में पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक, कैरेट बीन पोरीयल, तक्कली बेले सारू, मिल्लेट पुलाव और बीटरूट रायता शामिल रहे. पनीर को शलॉट्स और टमाटर की गाढ़ी ग्रेवी में पकाया गया, जबकि हिमालय की दुर्लभ गुच्छी और ताजे एस्पैरागस को केसर, मुनक्का और मामरा बादाम के साथ धीमी आंच पर तैयार किया गया. दक्षिण भारतीय स्वाद के लिए गाजर-बीन्स पोरीयल और टमाटर-दाल से बना तक्कली बेले सारू भी मेनू का हिस्सा रहा.

बाजरा पुलाव से लेकर जलेबी तक खास रहा डेजर्ट

मेनू में बासमती चावल और बाजरे से तैयार मिल्लेट पुलाव को खास तौर पर शामिल किया गया. इसके साथ चुकंदर और जड़ी-बूटियों से बना ठंडा बीटरूट रायता तथा भारतीय रोटियों और नान की विविध टोकरी परोसी गई. डेजर्ट में मौसमी फलों और हल्की व्हिप्ड क्रीम के साथ पुरानी दिल्ली की मशहूर गरमा-गरम कुरकुरी जलेबी और शहतूत फिरनी ने मेहमानों के लिए भोजन का स्वादिष्ट समापन किया.

'नवरस' में दिखा BRICS देशों की संगीत परंपराओं का मेल

गाला डिनर के दौरान 'नवरस-द यूनिवर्स ऑफ शेयर्ड इमोशंस' नाम से खास सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया. इसमें BRICS सदस्य और पार्टनर देशों के संगीतकारों ने साथ प्रस्तुति दी. विभिन्न देशों के पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ भारत की शास्त्रीय नृत्य परंपराओं का संगम कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा. इसी दौरान सम्मेलन में पीएम मोदी, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात भी चर्चा में रही. तीनों नेताओं के बीच गर्मजोशी दिखाई दी और पीएम मोदी ने दोनों नेताओं का हाथ थामे हुए तस्वीर खिंचवाई.

ये भी पढ़ें: चीन और भारत एक-दूसरे की ताकत से सीख सकते हैं... PM मोदी संग द्विपक्षीय बैठक में बोले शी जिनपिंग