क्या है वो Korean Game, जिसके कारण तीन सगी बहनों ने कर ली सुसाइड? जानें कैसे करता है असर

Korean Lover Game: ऑनलाइन गेम्स और चैलेंज के नाम पर लोगों को मानसिक रूप से प्रभावित करने वाले ट्रेंड एक बार फिर चर्चा में हैं. ब्लू व्हेल गेम के बाद अब ‘कोरियन लवर गेम’ को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.

What is that Korean game due to which three real sisters committed suicide Know how it affects
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Korean Lover Game: ऑनलाइन गेम्स और चैलेंज के नाम पर लोगों को मानसिक रूप से प्रभावित करने वाले ट्रेंड एक बार फिर चर्चा में हैं. ब्लू व्हेल गेम के बाद अब ‘कोरियन लवर गेम’ को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. बताया जा रहा है कि इस तरह के टास्क-बेस्ड ऑनलाइन गेम्स युवाओं को भावनात्मक रूप से जोड़कर धीरे-धीरे खतरनाक गतिविधियों की ओर धकेलते हैं. पहले ब्लू व्हेल गेम के मामलों में दुनिया के कई देशों से आत्महत्या की घटनाएं सामने आ चुकी हैं और अब कोरियन लवर गेम को लेकर भी चिंता जताई जा रही है.

हाल ही में गाजियाबाद के भारत सिटी इलाके में रहने वाली तीन सगी बहनों की आत्महत्या का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि तीनों बहनों ने एक ऊंची इमारत की नौवीं मंजिल से छलांग लगा दी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वे लंबे समय से एक ऑनलाइन गेम से जुड़ी हुई थीं. इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन चैलेंज और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मौजूद खतरनाक कंटेंट को लेकर समाज और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है.

क्या है Korean Lover Game और कैसे करता है असर

कोरियन लवर गेम एक तरह का ऑनलाइन, थीम-बेस्ड और टास्क-बेस्ड इंटरैक्टिव गेम बताया जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस गेम में यूजर्स को एक वर्चुअल पार्टनर के साथ बातचीत करने का अनुभव दिया जाता है. यह वर्चुअल कैरेक्टर कोरियन भाषा में मैसेज करता है, भावनात्मक बातें करता है और धीरे-धीरे यूजर को अपनी ओर आकर्षित करता है. गेम मोबाइल ऐप और वेबसाइट जैसे प्लेटफॉर्म पर आसानी से उपलब्ध बताए जाते हैं और इसकी थीम कोरियन पॉप कल्चर, के-ड्रामा और के-पॉप से प्रेरित है.

जानकारी के अनुसार, इस गेम में यूजर्स को कई स्टेज में टास्क दिए जाते हैं. शुरुआत में टास्क काफी सामान्य होते हैं, जैसे लगातार चैट करना, फोटो शेयर करना या वर्चुअल कैरेक्टर के साथ लंबे समय तक जुड़े रहना. लेकिन जैसे-जैसे गेम आगे बढ़ता है, टास्क ज्यादा पर्सनल और मानसिक रूप से प्रभावित करने वाले हो जाते हैं. कुछ मामलों में ये टास्क जोखिम भरे या भावनात्मक रूप से नुकसान पहुंचाने वाले भी हो सकते हैं. यही वजह है कि एक्सपर्ट्स इसे युवाओं के लिए खतरनाक मान रहे हैं, खासकर उन लोगों के लिए जो पहले से अकेलेपन या तनाव से जूझ रहे हों.

ब्लू व्हेल से तुलना क्यों हो रही है

कोरियन लवर गेम के पैटर्न की तुलना कई रिपोर्ट्स में ब्लू व्हेल चैलेंज से की जा रही है. ब्लू व्हेल गेम की शुरुआत रूस से बताई जाती है और यह 2016–2017 के दौरान दुनियाभर में चर्चा में आया था. इस चैलेंज में 50 दिनों तक लगातार टास्क दिए जाते थे, जिनकी शुरुआत आसान गतिविधियों से होती थी, लेकिन अंत में खुद को नुकसान पहुंचाने जैसे खतरनाक टास्क शामिल थे. ब्लू व्हेल चैलेंज को लेकर दुनिया के कई देशों में युवाओं की मौत की खबरें सामने आई थीं.

इसी तरह, कोरियन लवर गेम में भी यूजर्स को धीरे-धीरे भावनात्मक रूप से बांधने का तरीका अपनाया जाता है. पहले टास्क हल्के और सामान्य होते हैं, लेकिन समय के साथ ये मानसिक दबाव बढ़ाने वाले बन सकते हैं. यही वजह है कि इसे लेकर चिंता जताई जा रही है कि कहीं यह भी ब्लू व्हेल जैसी खतरनाक दिशा में न बढ़ जाए.

गाजियाबाद की घटना के बाद बढ़ी सतर्कता

गाजियाबाद में हुई घटना के बाद पुलिस और जांच एजेंसियां यह समझने की कोशिश कर रही हैं कि क्या वाकई तीनों बहनें किसी ऑनलाइन गेम या चैलेंज से प्रभावित थीं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि कोविड-19 महामारी के दौरान तीनों बहनें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर काफी सक्रिय थीं और डिजिटल कंटेंट के जरिए वे एक खास तरह की वर्चुअल दुनिया में ज्यादा समय बिताने लगी थीं. हालांकि, किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने का इंतजार किया जा रहा है.

यह मामला समाज के लिए एक चेतावनी की तरह सामने आया है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर मौजूद हर तरह का गेम या ट्रेंड सुरक्षित नहीं होता. खासकर किशोरों और युवाओं को लेकर यह चिंता और भी बढ़ जाती है क्योंकि वे भावनात्मक रूप से जल्दी प्रभावित हो सकते हैं.

डिजिटल दुनिया में सतर्कता जरूरी

डिजिटल प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन गेमिंग आज युवाओं की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं. ऐसे में माता-पिता और अभिभावकों के लिए जरूरी हो जाता है कि वे बच्चों की ऑनलाइन एक्टिविटी पर नजर रखें. साथ ही स्कूलों और सामाजिक संस्थाओं को भी डिजिटल अवेयरनेस बढ़ाने की जरूरत है, ताकि युवा यह समझ सकें कि हर ऑनलाइन ट्रेंड को फॉलो करना सुरक्षित नहीं होता.

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर किसी व्यक्ति में ऑनलाइन गेम या वर्चुअल रिश्तों के कारण व्यवहार में बदलाव, अकेलेपन की भावना या भावनात्मक अस्थिरता दिखने लगे, तो उसे समय रहते काउंसलिंग और सही मार्गदर्शन की जरूरत होती है. ब्लू व्हेल के बाद कोरियन लवर गेम को लेकर उठी चिंता इस बात की याद दिलाती है कि टेक्नोलॉजी के साथ-साथ जिम्मेदारी और जागरूकता भी उतनी ही जरूरी है.

ये भी पढ़ें- Instagram से हर महीने कमा सकते हैं हजारों रुपये, इन तरीकों से होगी छप्परफाड़ कमाई, जानें पूरी डिटेल