BlueBird Block-2 Mission: भारत का अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (ISRO) इस साल के अपने आखिरी मिशन में एक बड़ा इतिहास रचने जा रहा है. 24 दिसंबर को भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी अमेरिका की कंपनी AST SpaceMobile के अत्याधुनिक सैटेलाइट ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 को अंतरिक्ष में लॉन्च करेगी. यह सैटेलाइट पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थापित किया जाएगा, जिससे मोबाइल नेटवर्क की दुनिया में एक नई क्रांति आ सकती है. अगर यह मिशन सफल होता है तो यह न केवल भारत के लिए बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा.
ISRO का ऐतिहासिक मिशन
इस मिशन का नाम एलवीएम3-एम6 ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 (LVM3-M6 / BlueBird Block-2) है. यह एक पूरी तरह से व्यावसायिक लॉन्च है, जिसमें ISRO अपने शक्तिशाली एलवीएम3 रॉकेट का इस्तेमाल करेगा. एलवीएम3 रॉकेट की छठी उड़ान और वाणिज्यिक मिशन के तौर पर तीसरी उड़ान होगी. इसे 'बाहुबली' के नाम से भी जाना जाता है, जो इसकी ताकत और क्षमता को दर्शाता है.
भारत के लिए क्यों है यह मिशन महत्वपूर्ण?
भारत के लिए यह मिशन अत्यधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसका सफलता से ISRO का वाणिज्यिक स्पेस सेक्टर में और अधिक प्रभाव बढ़ेगा. यदि यह मिशन सफल होता है, तो यह पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थापित होने वाला सबसे बड़ा वाणिज्यिक संचार उपग्रह बन जाएगा. अब तक, ISRO ने कई सफल अंतरिक्ष मिशन जैसे चंद्रयान-2, चंद्रयान-3 और वन वेब के सैटेलाइट लॉन्च किए हैं, लेकिन इस मिशन की सफलता भारत को और अधिक वैश्विक स्पेस मार्केट में ताकतवर बना सकती है.
ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 सैटेलाइट: एक क्रांतिकारी पहल
ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 उपग्रह एक अगली पीढ़ी (नेक्स्ट जेन) की तकनीकी प्रणाली का हिस्सा है. अगर यह उपग्रह सही कक्षा में स्थापित हो जाता है, तो यह 4जी और 5जी स्मार्टफोन पर सीधे सेल्युलर ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा. इसके लिए किसी अतिरिक्त एंटीना या कस्टम हार्डवेयर की जरूरत नहीं होगी. वर्तमान में 4G या 5G नेटवर्क को प्राप्त करने के लिए मोबाइल टावर की आवश्यकता होती है, लेकिन इस उपग्रह के सफल होने के बाद, यह नेटवर्क के संचालन में बदलाव ला सकता है और टावरों की आवश्यकता को खत्म कर सकता है.
दूरदराज के क्षेत्रों में मोबाइल सेवा पहुंचाना
ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 उपग्रह की खासियत यह है कि यह पृथ्वी की कक्षा में चक्कर लगाते हुए दुनिया के सबसे दूरदराज इलाकों में भी मोबाइल सेवा पहुंचा सकता है. चाहे वह हिमालय हो, महासागर हो या रेगिस्तान, जहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क काम नहीं करते, वहां इस उपग्रह से 4जी और 5जी नेटवर्क सुविधा मिलेगी. यह वैश्विक डिजिटल असमानता को कम करने में मदद कर सकता है. साथ ही, आपदा के समय, जैसे बाढ़, भूकंप या अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जब टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर नष्ट हो जाता है, तब भी उपग्रह नेटवर्क काम करता रहेगा.
बेहतर स्पीड और क्षमता
ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 उपग्रह को 5,600 से अधिक व्यक्तिगत सिग्नल सेल बनाने के लिए डिजाइन किया गया है. यह 120 मेगाबाइट्स प्रति सेकंड तक की पीक स्पीड देने में सक्षम है, जो वॉयस कॉलिंग, मैसेजिंग, तेज डेटा ट्रांसफर और बिना रुकावट वीडियो स्ट्रीमिंग के लिए पर्याप्त है. यह उपग्रह नेटवर्क के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर सकता है.
अगर मिशन सफल हुआ तो क्या होगा?
अगर ISRO यह मिशन सफलतापूर्वक पूरा करता है, तो इसके बाद सैटेलाइट कंपनी ऑपरेशनल टेस्टिंग शुरू करेगी. इसके बाद वैश्विक सेवाएं शुरू होंगी और विभिन्न देशों से लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
परीक्षण और नेटवर्क विस्तार
लॉन्च के बाद, उपग्रह को पृथ्वी की निचली कक्षा में टेस्ट किया जाएगा. इसके पहले चरण में, उपग्रह अपने विशाल 223 वर्ग मीटर के एंटीना को खोलेगा, जो अब तक का सबसे बड़ा वाणिज्यिक संचार एंटीना होगा. इसके बाद उपग्रह की स्थिति को स्थिर किया जाएगा और फिर इसका परीक्षण किया जाएगा. इस उपग्रह के सफल परीक्षण के बाद, यह अमेरिकी हैंडसेट्स में पहले उपलब्ध होगा, और बाद में दुनियाभर के देशों में इसे लॉन्च किया जा सकेगा.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर VHP का प्रदर्शन, हिंदू युवक की हत्या से बढ़ा तनाव, देखें VIDEO