नई दिल्ली: बांग्लादेश में एक हिंदू युवक की हत्या को लेकर भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में एक बार फिर तल्खी देखने को मिल रही है. इस मामले के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की.
बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में 18 दिसंबर की रात हिंदू युवक दीपू चंद्र की भीड़ द्वारा हत्या कर दी गई थी. शुरुआत में यह दावा किया गया कि दीपू ने सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणी की थी. हालांकि, शुरुआती जांच में इस आरोप की पुष्टि नहीं हो सकी. इस खुलासे के बाद मामला और संवेदनशील हो गया और इसे मॉब लिंचिंग की घटना बताया जाने लगा.
हाई कमीशन के बाहर जुटे VHP कार्यकर्ता
दीपू चंद्र की मौत के विरोध में VHP कार्यकर्ता दिल्ली में बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर एकत्र हुए. प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी की गई और बांग्लादेश सरकार से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई. VHP का कहना है कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हमले बढ़ रहे हैं और वहां की सरकार अल्पसंख्यकों की सुरक्षा करने में विफल रही है.
VIDEO | Delhi: Vishwa Hindu Parishad (VHP) holds protest outside the Bangladesh High Commission to condemn the reported incidents of violence against Hindus in Bangladesh.
— Press Trust of India (@PTI_News) December 23, 2025
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/0balnWVDte
भारतीय उच्चायुक्त को बांग्लादेश ने किया तलब
इन घटनाओं के बीच बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने भारत में तैनात भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा को तलब किया है. यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार है जब भारतीय उच्चायुक्त को बुलाया गया है. इससे पहले भी बांग्लादेशी छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद भारत विरोधी प्रदर्शनों के चलते दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा था.
बांग्लादेश सरकार ने भारत में अपने राजनयिक मिशनों पर हुई घटनाओं को लेकर गंभीर चिंता जताई है. विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, नई दिल्ली और सिलीगुड़ी में बांग्लादेश से जुड़े प्रतिष्ठानों के बाहर हुई गतिविधियों को अस्वीकार्य बताया गया है. ढाका का कहना है कि ऐसी घटनाएं न सिर्फ राजनयिक कर्मियों की सुरक्षा को खतरे में डालती हैं, बल्कि आपसी सम्मान और सहिष्णुता जैसे मूल्यों को भी नुकसान पहुंचाती हैं.
भारत से सुरक्षा मजबूत करने की अपील
बांग्लादेश ने भारतीय उच्चायुक्त से आग्रह किया है कि भारत में स्थित उसके दूतावासों, वीजा केंद्रों और अन्य राजनयिक परिसरों की सुरक्षा कड़ी की जाए. साथ ही इन घटनाओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई है.
शेख हसीना के बयानों पर भी आपत्ति
बांग्लादेश ने यह आरोप भी लगाया है कि भारत में रह रही पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना लगातार ऐसे बयान दे रही हैं, जिन्हें ढाका भड़काऊ मानता है. बांग्लादेश सरकार का कहना है कि ऐसे बयानों से पहले से संवेदनशील माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो रहा है.
ये भी पढ़ें- IAF के Mi-35 अटैक हेलीकॉप्टर होंगे रिटायर, इनकी जगह लेगा भारत में बना 'प्रचंड', जानें इसकी ताकत