पश्चिम बंगाल में अवैध तरीके से संचालित मदरसों के खिलाफ राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. राज्य में जांच के बाद 232 मदरसों को तत्काल बंद करने और किसी भी तरह की गतिविधि संचालित न करने का आदेश दिया गया है. वहीं, 100 मदरसों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. अल्पसंख्यक मामले और मदरसा शिक्षा मंत्री खुदीराम टुडू के मुताबिक, जिला प्रशासन ने राज्य के 22 जिलों और कोलकाता के अलग-अलग इलाकों में मदरसों की विस्तृत जांच की. इस दौरान प्रबंधन, शिक्षकों, छात्रों, बुनियादी ढांचे और फंडिंग के स्रोत समेत कई जानकारियां जुटाई गईं.
100 मदरसों को कारण बताओ नोटिस
मंत्री ने बताया कि जिला स्तर से मिली जानकारी को वेरिफाई करने के लिए राज्य की ओर से एक विशेष टीम भी भेजी गई थी. जांच के नतीजों के आधार पर पहले चरण में मदरसा डायरेक्टरेट के 232 मदरसों को तुरंत बंद करने और काम नहीं करने का आदेश दिया गया है. इसके अलावा 100 मदरसों में गंभीर गड़बड़ियां मिलने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस दिया गया है. अगर ये संस्थान यह साबित करने में नाकाम रहते हैं कि वे कानूनी तरीके से संचालित हो रहे हैं और उनके पास जरूरी मंजूरी है, तो तय प्रक्रिया के तहत इन्हें भी बंद किया जाएगा.
मालदा में सबसे ज्यादा मदरसों पर कार्रवाई
मदरसा शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार, बंद किए गए मदरसों की संख्या मालदा में सबसे ज्यादा है, जहां करीब 44-45 मदरसों पर कार्रवाई हुई है. इसके बाद नॉर्थ दिनाजपुर में लगभग 37-38, साउथ 24 परगना में करीब 32, जबकि मुर्शिदाबाद और नादिया में लगभग 25-25 मदरसों को बंद किया गया है. यह कार्रवाई जिला प्रशासन की ओर से की गई जमीनी जांच के बाद हुई है. जांच में सिलेबस से अलग पढ़ाई कराए जाने और क्लासरूम में जगह की कमी जैसी समस्याएं भी सामने आईं.
2,132 मदरसे सही मंजूरी के साथ संचालित
सभी 22 जिलों और कोलकाता क्षेत्र के मजिस्ट्रेटों ने अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में संचालित मदरसों की रिपोर्ट सौंपी. इसमें रजिस्ट्रेशन, एफिलिएशन, मैनेजमेंट, छात्रों के एनरोलमेंट और पहचान, टीचिंग स्टाफ, इंफ्रास्ट्रक्चर और फंडिंग के स्रोत से जुड़ी जानकारी शामिल थी. रिपोर्ट के मुताबिक, 2,132 मदरसे सही रजिस्ट्रेशन/एफिलिएशन आदि के साथ चल रहे थे, जबकि 2,396 मदरसे किसी सरकारी बोर्ड या जरूरी संस्थान से रजिस्ट्रेशन/एफिलिएशन के बिना संचालित पाए गए.
ये भी पढ़ें: Air India Flight: भोपाल-दिल्ली फ्लाइट की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, इंजन फेल होने की सूचना से मचा हड़कंप