Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. उत्तर भारत में जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं अब भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 20 राज्यों के लिए बारिश और तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम तेजी से करवट ले सकता है. इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. कई इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है.
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा
मानसून की तेज गतिविधियों के चलते पहाड़ी राज्यों में खतरा बढ़ गया है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं सामने आ सकती हैं. प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. वहीं समुद्री इलाकों में रहने वाले लोगों और मछुआरों को सावधानी बरतने को कहा गया है. मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी है. इसके अलावा किसानों को भी खराब मौसम के दौरान खुले खेतों में जाने से परहेज करने को कहा गया है. पूर्वी भारत के कई राज्यों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ने की आशंका जताई गई है. लोगों को गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश में जारी रहेगा बारिश का दौर
राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ रुक-रुककर बारिश हो सकती है. बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है. इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है.
इन 20 राज्यों में मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है, उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, त्रिपुरा, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश शामिल हैं. कुछ राज्यों के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना भी जताई गई है. ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
अगले 24 घंटे में इन इलाकों में हो सकती है भारी बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा के कुछ हिस्सों, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, तटीय कर्नाटक और केरल में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. इन क्षेत्रों में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा ओडिशा, कोंकण-गोवा, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश में भी बारिश के आसार बने हुए हैं.
कई राज्यों में पहले ही दर्ज की गई बारिश
पिछले कुछ घंटों में पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी राजस्थान, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा के कुछ हिस्सों, उत्तर तमिलनाडु, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, तटीय कर्नाटक और केरल में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की सक्रियता के कारण आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में बारिश का प्रभाव जारी रहेगा. लोगों को तेज हवाओं, बिजली गिरने और जलभराव जैसी स्थितियों को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें- EPFO Portal: फिर शुरू हुआ पीएफ का पोर्टल, ऑनलाइन मिलेगी पासबुक और ब्याज की जानकारी, ऐसे करें लॉग इन