रक्षा, व्यापार से लेकर खेल तक... भारत-न्यूजीलैंड के बीच हुए 18 समझौते, पीएम मोदी की यात्रा से क्या-क्या मिला?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की न्यूजीलैंड यात्रा के दौरान भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों में बड़ा बदलाव देखने को मिला. पीएम मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के बीच हुई बैठक के बाद दोनों देशों ने अपने संबंधों को नई ऊंचाई देने का फैसला किया.

18 agreements signed between India and New Zealand What outcomes of PM Modi visit
Image Source: ANI

India-New Zealand Deal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की न्यूजीलैंड यात्रा के दौरान भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों में बड़ा बदलाव देखने को मिला. पीएम मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के बीच हुई बैठक के बाद दोनों देशों ने अपने संबंधों को नई ऊंचाई देने का फैसला किया. इसके तहत दोनों देशों ने 'भारत-न्यूजीलैंड सामरिक साझेदारी: रोडमैप 2030' को मंजूरी दी और रक्षा, व्यापार, खेल, समुद्री सुरक्षा, पशुपालन, आपदा प्रबंधन और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग समेत कुल 18 समझौतों पर हस्ताक्षर किए.

रोडमैप 2030 से रिश्तों को मिलेगी नई दिशा

दोनों देशों ने तय किया कि आने वाले वर्षों में आपसी सहयोग को और मजबूत किया जाएगा. इसके लिए प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के बीच नियमित बैठकें होंगी. साथ ही दोनों देशों की संसदों के बीच सहयोग बढ़ाने और सांसदों के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा दिया जाएगा.

रक्षा और समुद्री सुरक्षा पर खास फोकस

बैठक में भारत-न्यूजीलैंड रक्षा सहयोग समझौते को पूरी तरह लागू करने पर सहमति बनी. दोनों देशों के रक्षा मंत्रालयों और तीनों सेनाओं के बीच नियमित बातचीत जारी रखने का फैसला किया गया.

इसके अलावा समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ मिलकर काम करने पर भी जोर दिया गया. हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए हर साल समुद्री सुरक्षा संवाद शुरू करने का भी फैसला लिया गया.

व्यापार बढ़ाकर 7 अरब न्यूजीलैंड डॉलर करने का लक्ष्य

भारत और न्यूजीलैंड ने आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई. दोनों देशों ने वर्ष 2030 तक आपसी व्यापार को बढ़ाकर 7 अरब न्यूजीलैंड डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है.

इसके साथ ही निवेश बढ़ाने, कारोबार को आसान बनाने और हाल ही में हुए भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को जल्द लागू करने पर भी सहमति बनी.

आतंकवाद के खिलाफ दोनों देश एकजुट

संयुक्त बयान में दोनों देशों ने आतंकवाद के हर रूप की कड़ी निंदा की. पहलगाम आतंकी हमले और नई दिल्ली के लाल किला इलाके के पास हुए आतंकी हमले का भी जिक्र किया गया.

भारत और न्यूजीलैंड ने आतंकियों की फंडिंग रोकने, सुरक्षित ठिकानों को खत्म करने और ऑनलाइन आतंकी नेटवर्क पर कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया. दोनों देशों ने संयुक्त राष्ट्र और FATF जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई.

UNSC में भारत को फिर मिला न्यूजीलैंड का समर्थन

न्यूजीलैंड ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की स्थायी सदस्यता के लिए भारत के दावे का एक बार फिर समर्थन किया. दोनों देशों ने दुनिया में शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए साथ मिलकर काम करने का भी संकल्प लिया.

रिश्तों में शुरू हुआ नया दौर

'रोडमैप 2030' और 18 समझौतों के साथ भारत और न्यूजीलैंड के रिश्ते अब पहले से ज्यादा मजबूत हो गए हैं. आने वाले समय में दोनों देश रक्षा, व्यापार, निवेश, हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ साझा रणनीति जैसे कई अहम क्षेत्रों में मिलकर काम करेंगे.

ये भी पढ़ें- रोनाल्डो-मेसी से लेकर नेमार तक... कौन है दुनिया का सबसे अमीर फुटबॉलर, इनके पास है कितना पैसा? देखें लिस्ट