Weather: देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए उत्तर भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिणी राज्यों में तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और कहीं-कहीं भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है. विभाग के मुताबिक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है, जिससे कई हिस्सों में अस्थिरता बनी हुई है.
राजधानी दिल्ली में आज हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है. अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
4 मई को हुई बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर का मौसम पहले ही सुहावना हो चुका है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है. IMD के अनुसार 6 मई को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे, साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है. हल्की बारिश के कारण तापमान में और गिरावट आ सकती है.
उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का असर
उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक यू-टर्न ले लिया है. राज्य के 40 से अधिक जिलों में तेज आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है.
बीते दिन लखनऊ और कानपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई. संभल में करीब 130 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जो इस बदलाव की तीव्रता को दर्शाती है.
बिहार और झारखंड में भी अलर्ट
बिहार में भी कई जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है. पटना, दरभंगा और भागलपुर सहित कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.
राज्य में 6 मई तक मौसम खराब रहने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं झारखंड के दुमका और देवघर समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी राहत के आसार
मध्य प्रदेश में भी मौसम बदला हुआ नजर आ रहा है. राज्य के 39 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. अगले चार दिनों तक तापमान में कमी और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है.
वहीं राजस्थान के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी का असर कम हो सकता है.
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी
उत्तरी पहाड़ी राज्यों जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 8 मई तक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं. खासकर उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है.
पूर्वी भारत में भी मौसम रहेगा सक्रिय
ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है. इन राज्यों में भी मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और हवा के दबाव में बदलाव के कारण देशभर में यह अस्थिरता बनी हुई है. इसका असर उत्तर से लेकर पूर्व और दक्षिण तक देखने को मिल रहा है.
ये भी पढ़ें- NEET परीक्षा में गड़बड़ी से मचा बवाल! हिंदी मीडियम वालों को मिला इंग्लिश का पेपर, जानें पूरा मामला