बंगाल चुनाव में 'बाबा' बने गेम चेंजर! सीएम योगी निकले BJP के असली धुरंधर, कमाल का है स्ट्राइक रेट

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों ने इस बार कई सियासी समीकरण बदल दिए हैं. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए राज्य में बड़ी जीत दर्ज की, जबकि तृणमूल कांग्रेस (TMC) को भारी नुकसान उठाना पड़ा.

Bengal elections CM Yogi became a game changer for BJP strike rate
Image Source: ANI

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों ने इस बार कई सियासी समीकरण बदल दिए हैं. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए राज्य में बड़ी जीत दर्ज की, जबकि तृणमूल कांग्रेस (TMC) को भारी नुकसान उठाना पड़ा. इस चुनाव में एक नाम खास तौर पर चर्चा में रहा- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ.

चुनाव प्रचार के दौरान सीएम योगी ने जिस आक्रामक अंदाज में रैलियां और रोड शो किए, उसके नतीजे भी अब सामने आ गए हैं. आंकड़ों के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ ने कुल 22 विधानसभा सीटों पर प्रचार किया था, जिनमें से 18 सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की. इस प्रदर्शन ने उनके स्ट्राइक रेट को बेहद प्रभावशाली बना दिया है और पार्टी के भीतर उनकी भूमिका को और मजबूत किया है.

किन-किन इलाकों में किया प्रचार

सीएम योगी ने बंगाल के कई अहम क्षेत्रों में जनसभाएं कीं, जिनमें सोनामुखी, नंदकुमार, कांथी दक्षिण, बाराबनी, रामपुरहाट, बोलपुर, माथाभंगा, धुपगुड़ी, जॉयपुर, गारबेटा, जोरासांको, चकदहा, उदयनारायणपुर, नबद्वीप, कटवा, बागदा, धानेखाली और राजारहाट गोपालपुर जैसी सीटें शामिल रहीं.

इसके अलावा उन्होंने बांकुड़ा, कल्याणी और दमदम में बड़े रोड शो भी किए, जिनमें भारी संख्या में समर्थक जुटे. इन रैलियों और रोड शो के जरिए बीजेपी ने जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश की.

इन सीटों पर BJP को मिली जीत

योगी आदित्यनाथ जिन सीटों पर प्रचार के लिए पहुंचे, उनमें से ज्यादातर जगहों पर बीजेपी को सफलता मिली. प्रमुख जीतों में सोनामुखी से दिबाकर घरामी, नंदकुमार से निर्मल खानरा, कांथी दक्षिण से अरूप कुमार दास, बाराबनी से अरजित रॉय और रामपुरहाट से धुर्वा साहा शामिल हैं.

इसके अलावा माथाभांगा से निसिथ प्रामाणिक, धुपगुड़ी से नरेश रॉय, बांकुड़ा से नीलाद्री शेखर दाना, पिंगला से स्वागत मन्ना और जॉयपुर से बिस्वजीत महतो ने जीत हासिल की.

जोरासांको से विजय झा, चकदहा से बंकिम चंद्र घोष, नबद्वीप से श्रुति शेखर गोस्वामी, कटवा से कृष्णा घोष, बागदा से सोमा ठाकुर, कल्याणी से अनुपम बिश्वास, दमदम से अरजित बख्शी और राजारहाट गोपालपुर से तरुण ज्योति तिवारी ने भी बीजेपी को जीत दिलाई.

जहां BJP को झेलनी पड़ी हार

हालांकि कुछ सीटों पर बीजेपी को हार का सामना भी करना पड़ा. धानेखाली सीट पर TMC उम्मीदवार असीमा पात्रा ने बीजेपी प्रत्याशी को 13,057 वोटों से हराया. वहीं बोलपुर सीट पर TMC के चंद्रनाथ सिन्हा ने बीजेपी के उम्मीदवार दिलीप घोष को 13,188 वोटों से मात दी.

इन हारों के बावजूद कुल मिलाकर योगी आदित्यनाथ का प्रदर्शन काफी मजबूत माना जा रहा है.

राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ योगी का प्रभाव

इस चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने भी जोरदार प्रचार किया. लेकिन योगी आदित्यनाथ का अभियान खास चर्चा में रहा.

उनकी रैलियों में भीड़ और भाषणों का असर कई सीटों पर देखने को मिला, जिससे पार्टी को सीधे तौर पर फायदा पहुंचा.

क्या कहते हैं नतीजे?

बंगाल चुनाव के नतीजे यह दिखाते हैं कि बीजेपी ने इस बार चुनाव प्रचार में हर स्तर पर पूरी ताकत झोंकी थी. योगी आदित्यनाथ का स्ट्राइक रेट इस बात का संकेत है कि वे पार्टी के स्टार प्रचारकों में तेजी से उभर रहे हैं.

उनका यह प्रदर्शन न सिर्फ बंगाल, बल्कि आने वाले चुनावों के लिए भी बीजेपी की रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.

ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में ढहा ममता बनर्जी का किला, क्या हैं बीजेपी की इस ऐतिहासिक जीत के मायने?