Actor Vijay Result 2026: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय ने अब केवल पर्दे पर ही नहीं, बल्कि राजनीति के मैदान में भी अपनी पकड़ मजबूत कर ली है. 'तमिलगा वेट्री कज़गम' (TVK) के संस्थापक विजय ने हाल ही में दो विधानसभा सीटों से बंपर वोटों से जीत दर्ज की, जिससे उनकी लोकप्रियता और फैन फॉलोइंग का असर स्पष्ट हो गया है.
तिरुचिरापल्ली ईस्ट में शानदार जीत
विजय ने पहली सीट तिरुचिरापल्ली ईस्ट से DMK के मौजूदा विधायक इनिगो इरुदयाराज को 27,416 वोटों के अंतर से हराया. चुनावी विशेषज्ञों का मानना है कि इस जीत में अल्पसंख्यक और युवा मतदाताओं का निर्णायक योगदान रहा. शहरी और युवा आबादी के समर्थन ने विजय को यहां मजबूती से जीत दिलाई.
पेरम्बूर विधानसभा में भी बड़ी सफलता
दूसरी सीट पेरम्बूर से विजय ने DMK के दो बार के विधायक आर.डी. शेखर को 53,715 वोटों के अंतर से मात दी. यहां भी तीसरे स्थान पर AIADMK का उम्मीदवार रहा. दोनों ही जीत ने विजय की राजनीतिक पकड़ और फैन फॉलोइंग की ताकत को साफ दिखाया.
सत्ता के प्रवेश द्वार पर विजय का दबदबा
त्रिची पूर्व को तमिलनाडु में सत्ता का प्रवेश द्वार कहा जाता है. शहर आधारित इस विधानसभा में विजय की जीत ने DMK और AIADMK दोनों के मजबूत किले को चुनौती दी. पिछला चुनाव यहां उद्योगपति और ईसाई सद्भावना आंदोलन के संस्थापक इरुदयराज ने 53,797 वोटों के अंतर से जीता था. इस बार विजय ने फैन फॉलोइंग और शहरी युवा समर्थन की ताकत से इस क्षेत्र में अपनी पकड़ बना ली.
कौन हैं थलापति विजय?
थलापति विजय केवल सिनेमा का ही नहीं, बल्कि राजनीति का भी नया चेहरा हैं. 51 वर्ष के विजय ग्रेजुएट हैं और उनके पास लगभग ₹648.9 करोड़ की संपत्ति है. राजनीति में कदम रखने से पहले उन्होंने तमिल फिल्म उद्योग में अपनी पहचान बनाई और अब अपने फैन बेस के दम पर राजनीति में उतरे हैं. हालांकि, आलोचक उनके राजनीतिक अनुभव की कमी पर सवाल उठाते हैं, लेकिन पहली ही बार चुनाव लड़कर इतनी बड़ी जीत हासिल करना उनके लिए बड़ी सफलता है.
ये भी पढ़ें: अपनी सीट नहीं बचा पाईं ममता बनर्जी, मिली करारी शिकस्त, सुवेंदु अधिकारी ने 15 हजार वोटों से दी मात