ढाका: बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा का दौर शुरू हो गया है. शेख हसीना के गढ़ माने जाने वाले गोपालगंज में मंगलवार को हालात बिगड़ गए. यहां अवामी लीग और उसके छात्र संगठन छात्र लीग के हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के सांसद एसएम जिलानी के घर में आग लगा दी. इसके अलावा तुंगीपाड़ा पुलिस स्टेशन को भी आग के हवाले कर दिया गया.
BNP नेता की जलकर मौत
मंगलवार रात करीब 9 बजे फरीदपुर के भांगा इलाके में अवामी लीग और छात्र लीग के कार्यकर्ताओं ने ढाका-बरिसाल हाईवे जाम कर दिया. इस दौरान तीन मोटरसाइकिलों में आग लगा दी गई. हिंसा के दौरान कृषक दल के नेता राजू मुल्ला गंभीर रूप से झुलस गए. बाद में उनकी मौत हो गई. कृषक दल BNP का किसान संगठन है.
तुंगीपाड़ा पुलिस स्टेशन पर हमला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिंसा की शुरुआत तुंगीपाड़ा पुलिस की ओर से अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद हुई. गिरफ्तारियों की खबर फैलते ही मस्जिदों के लाउडस्पीकर से ऐलान किया गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में अवामी लीग समर्थक जमा हो गए.
भीड़ ने तुंगीपाड़ा पुलिस स्टेशन पर हमला कर दिया और उसमें आग लगा दी. इस दौरान हिरासत में रखे गए लोगों को भी छुड़ा लिया गया.
इसके बाद प्रदर्शनकारी पुलिस स्टेशन से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित BNP सांसद एसएम जिलानी के घर पहुंचे. वहां पहले तोड़फोड़ की गई और फिर आग लगा दी गई. चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावर अवामी लीग और शेख हसीना के समर्थन में नारे लगा रहे थे.
गृह मंत्री ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने गोपालगंज के लोगों से अपील की है कि वे सीमा पार से होने वाली किसी भी तरह की उकसावे वाली गतिविधियों के झांसे में न आएं. उन्होंने बताया कि इलाके में पुलिस, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश और अन्य सुरक्षा बल तैनात थे.
मंत्री के मुताबिक, सरकार ने जान-माल के नुकसान से बचने के लिए उस समय सख्त कार्रवाई नहीं की. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि पुलिस स्टेशन पर हमले, आगजनी और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान वीडियो और तस्वीरों के जरिए की जाएगी. आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी होगी.
वहीं, BNP के कार्यवाहक महासचिव रूहुल कबीर रिजवी ने आरोप लगाया कि देश में कच्चे बम धमाके, बसों में आगजनी और पुलिस चौकियों पर हमले करके सत्ता में वापसी की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से बांग्लादेश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा.
क्या फिर अस्थिरता की ओर बढ़ रहा बांग्लादेश?
बांग्लादेश में हिंसा की ये घटनाएं ऐसे समय में हुई हैं, जब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने दिसंबर 2026 तक देश लौटने का ऐलान किया है. पिछले कई दिनों से बांग्लादेश के अलग-अलग इलाकों में बम धमाकों और वाहनों में आग लगाने की घटनाएं सामने आ रही हैं.
लगातार हो रही हिंसा ने देश की सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक हालात को लेकर चिंता बढ़ा दी है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या बांग्लादेश एक बार फिर बड़े राजनीतिक संकट और अस्थिरता की ओर बढ़ रहा है.