Latif Bhat Encounter: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है. कुलगाम जिले में सुबह-सुबह हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर लतीफ भट मारा गया. उसे कुलगाम में 11 नवंबर को हुए हमले का मुख्य साजिशकर्ता बताया जा रहा है. इस हमले के बाद से ही सुरक्षाबल इलाके में आतंकियों की तलाश कर रहे थे. लतीफ भट का मारा जाना लश्कर-ए-तैयबा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. वह कश्मीर घाटी में सक्रिय संगठन के आखिरी बड़े कमांडरों में शामिल था.
लतीफ भट पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था. वह छोटे-छोटे हमलों को अंजाम देने के बाद स्थानीय लोगों के बीच आसानी से छिप जाता था. इसी वजह से सुरक्षाबलों के लिए उसे पकड़ना मुश्किल हो रहा था.
2020 में लश्कर-ए-तैयबा में हुआ था शामिल
लतीफ भट जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले का रहने वाला था. उसका परिवार ख्रेवन चादर गांव में रहता है. नवंबर 2020 में उसने अपना घर छोड़ दिया था और लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हो गया था.
इसके बाद वह कश्मीर घाटी में कई आतंकी हमलों में शामिल रहा. जुलाई में प्रवासी मजदूरों की हत्या की घटना में भी उसका नाम सामने आया था. सुरक्षाबलों के मुताबिक, वह घाटी में आतंकी गतिविधियों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा था.
लश्कर के लिए कई हमलों को दिया अंजाम
लतीफ भट पर कई हमलों में शामिल होने का आरोप था. इनमें किश्तवाड़ जिले में दो पुलिस अधिकारियों की हत्या का मामला भी शामिल है. ये दोनों पुलिस अधिकारी सेना में शामिल होने के लिए वापस लौट रहे थे.
ताजा मुठभेड़ के दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की, जिसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई. लतीफ भट के मारे जाने के बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. मुठभेड़ वाले इलाके में तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है.
दो दिन पहले सुरक्षाबलों को चकमा देकर भागा था
लतीफ भट लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बना हुआ था. वह हमलों को अंजाम देने के बाद मौके से भागने में कामयाब हो जाता था. इसी वजह से पिछले एक साल में लश्कर के लिए उसकी अहमियत बढ़ गई थी.
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. उस दौरान लतीफ भट को घेर लिया गया था, लेकिन उसका साथी उमर वसीम डार मारा गया और लतीफ भट वहां से भागने में सफल रहा था.
TRF के नाम से भी करता था हमले
लश्कर-ए-तैयबा अपने प्रॉक्सी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के नाम से भी जम्मू-कश्मीर में हमलों को अंजाम देता रहा है. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, लतीफ भट इस नेटवर्क का अहम हिस्सा था.
बताया जाता है कि पाकिस्तान से मिलने वाले निर्देशों के आधार पर कश्मीर में स्थानीय नेटवर्क को मजबूत करने की कोशिश की जा रही थी. लतीफ भट की मदद से इस नेटवर्क को आगे बढ़ाने की योजना थी. ऐसे में उसका मारा जाना लश्कर-ए-तैयबा और उसके सहयोगी नेटवर्क के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है.