भारत बना रहा छठी पीढ़ी का स्वदेशी फाइटर जेट, 2030 में भरेगा पहली उड़ान, अमेरिका-चीन को देगा टक्कर

भारत अब लड़ाकू विमानों के क्षेत्र में एक और बड़ी छलांग लगाने की तैयारी कर रहा है. देश में छठी पीढ़ी का फाइटर जेट विकसित करने पर काम चल रहा है और इसकी पहली उड़ान 2030 तक होने की संभावना जताई जा रही है.

India is developing a sixth-generation indigenous fighter jet Raphe Mphibr
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

India 6th Gen Fighter Jet: भारत अब लड़ाकू विमानों के क्षेत्र में एक और बड़ी छलांग लगाने की तैयारी कर रहा है. देश में छठी पीढ़ी का फाइटर जेट विकसित करने पर काम चल रहा है और इसकी पहली उड़ान 2030 तक होने की संभावना जताई जा रही है. अभी भारत का सरकारी स्तर पर पांचवीं पीढ़ी का स्वदेशी लड़ाकू विमान एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) कार्यक्रम चल रहा है. वहीं, छठी पीढ़ी के विमान को निजी कंपनी रेफी एमफाइबर तैयार कर रही है. सोमवार को नेशनल सिक्योरिटी समिट में कंपनी के अध्यक्ष विकास मिश्रा ने इस प्रोजेक्ट का ऐलान किया. कंपनी का दावा है कि उसका विमान छठी पीढ़ी के लड़ाकू विमानों के सभी जरूरी मानकों पर खरा उतरेगा और कुछ मामलों में अमेरिकी F-35 से भी आगे होगा.

12 देशों के इंजीनियर मिलकर तैयार कर रहे विमान

कंपनी के मुताबिक, इस फाइटर जेट को तैयार करने में 12 देशों के विमान इंजीनियर काम कर रहे हैं. विमान को भारतीय वायुसेना की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है. कंपनी ने दावा किया है कि उसके पास बड़ी संख्या में पेटेंट हैं और विमान के डिजाइन व निर्माण के लिए करीब 10 करोड़ डॉलर का फंड जुटाया गया है. ड्रोन तकनीक में काम करने वाली इस कंपनी ने दिल्ली-एनसीआर में करीब 7 लाख वर्ग फुट में अपनी निर्माण सुविधा भी तैयार की है.

समुद्र के अंदर की आवाजें पकड़ेगा DRDO का यंत्र

भारत समुद्री इलाकों में अपनी निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत कर रहा है. हिंद महासागर में चीन की पनडुब्बियों की मौजूदगी और पाकिस्तान की बढ़ती समुद्री ताकत को देखते हुए DRDO ने एक खास यंत्र तैयार किया है. इसका नाम 'वरुण ध्वनि-01' रखा गया है. यह उपकरण समुद्र के अंदर होने वाली आवाजों को रिकॉर्ड करेगा और उनकी जानकारी जीसैट उपग्रह के जरिए रक्षा प्रयोगशाला तक पहुंचाएगा. इसे कोच्चि की नौसेना प्रयोगशाला ने तैयार किया है और दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में तैनात करने की योजना है.

AMCA के लिए इसी महीने चुना जाएगा प्राइवेट पार्टनर

भारत के पांचवीं पीढ़ी के स्वदेशी फाइटर जेट AMCA प्रोजेक्ट पर भी तेजी से काम आगे बढ़ रहा है. रक्षा मंत्रालय इस महीने तीन औद्योगिक गठबंधनों में से किसी एक को चुन सकता है. इस दौड़ में एलएंडटी, भारत फोर्ज और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड के गठबंधन शामिल हैं. चुनी गई कंपनी एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (ADA) के साथ मिलकर इस लड़ाकू विमान को विकसित करने का काम करेगी. इस परियोजना से भारत को भविष्य में अपनी जरूरतों के लिए आधुनिक स्टेल्थ फाइटर जेट बनाने में मदद मिलेगी.

ये भी पढ़ें- अमेरिका पर 'डर्टी बम' से हमला करेगा ईरान? निशाने पर ट्रंप के करीबी, खुफिया रिपोर्ट से मचा हड़कंप