Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में एक बार फिर सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है. बुधवार तड़के आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया. बताया जा रहा है कि लश्कर-ए-तैयबा का वांछित कमांडर लतीफ भट्ट यहां छिपा हो सकता है. उसे पकड़ने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और CRPF की टीमें मिलकर अभियान चला रही हैं.
सुरक्षाबलों ने संदिग्ध इलाके की घेराबंदी कर दी है. फिलहाल दोनों तरफ से गोलीबारी की खबर है. हालांकि, अभी तक किसी आतंकी के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
CRPF पर हमले से पहले आतंकियों ने की थी रेकी
जांच में सामने आया था कि 10 नवंबर को उमर निसार डार और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े कमांडर लतीफ भट्ट ने कुलगाम के कई इलाकों में रेकी की थी. दोनों मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम पहुंचे थे. माना जा रहा है कि उन्होंने इन इलाकों में सुरक्षाबलों की गतिविधियों पर नजर रखी और हमले के लिए सही जगह की तलाश की थी.
इन दोनों की गतिविधियां इलाके में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई थीं. सुरक्षा एजेंसियों ने 10 और 11 नवंबर की फुटेज की जांच की, जिसमें हमले से पहले की रेकी और वारदात के बाद दोनों के भागने से जुड़ी जानकारी मिली.
11 नवंबर को CRPF के नाके पर किया था हमला
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, 11 नवंबर को उमर निसार डार और लतीफ भट्ट ने अखरान इलाके में CRPF के नाके को निशाना बनाया था. हमला करने के बाद दोनों वहां से फरार हो गए थे.
जांच में यह भी पता चला कि उमर पिछले 5 से 6 महीने से लतीफ भट्ट को अपने यहां पनाह दे रहा था और उसकी मदद कर रहा था. उमर के अचानक लापता होने पर उसके परिवार ने कुलगाम पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई थी. हालांकि, जांच एजेंसियों का दावा है कि अखरान में हमले के तुरंत बाद उमर आतंकी संगठन TRF में शामिल हो गया था.
लारू में मुठभेड़ के दौरान मारा गया था उमर
हमले के बाद सुरक्षाबलों ने 16 नवंबर को कुलगाम के लारू इलाके में उमर निसार डार और लतीफ भट्ट को घेर लिया था. इसके बाद दोनों की सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ हुई. इस दौरान उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भट्ट मौके से भागने में कामयाब रहा.
अब लतीफ भट्ट की तलाश में कुलगाम में एक बार फिर बड़ा अभियान चलाया जा रहा है. उमर निसार डार पेशे से बेकर था और आतंकी संगठन में शामिल होने से पहले बेकरी का काम करता था.