'अल्लाह से मिलना है...' लश्कर आतंकी लतीफ भट ने चुना जहन्नुम, वीडियो कॉल पर ठुकराया सरेंडर का ऑफर

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट को एनकाउंटर में मार गिराया. वह एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था.

I want to meet Allah Lashkar terrorist Latif Bhat rejects surrender offer Security Forces
Image Source: Social Media

Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट को एनकाउंटर में मार गिराया. वह एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था. सुरक्षाबलों ने उसे जिंदा पकड़ने के लिए काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया. आखिरकार बुधवार को हुई मुठभेड़ में वह मारा गया.

एनकाउंटर से पहले पुलिस अधिकारियों ने लतीफ से वीडियो कॉल पर बात की और उसे हथियार डालकर बाहर आने के लिए कहा. अधिकारियों ने उसे समझाया कि उसकी जिंदगी अभी बाकी है और वह सरेंडर कर सकता है. लेकिन लतीफ ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया.

वीडियो कॉल पर बोला- मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है

पुलिस अधिकारी अनायत अली चौधरी के मुताबिक, उन्होंने खुद वीडियो कॉल पर लतीफ से काफी देर तक बात की थी. उसे बताया गया कि वह अभी छोटा है और उसके सामने पूरी जिंदगी पड़ी है. अधिकारियों ने उसे भरोसा दिलाया कि सुरक्षाबल उसके साथ हैं और उसे सुरक्षित बाहर निकलने का मौका दिया जा सकता है.

हालांकि, लतीफ सरेंडर के लिए तैयार नहीं हुआ. उसने जवाब दिया कि उसे अल्लाह से मुलाकात करनी है और वह बहुत खुश है. उसने यह भी कहा कि वह सिर्फ अल्लाह से डरता है और सरेंडर नहीं करेगा.

मस्जिद के अंदर से की फायरिंग, सुरक्षाबलों ने बरता संयम

SSP अनायत अली चौधरी ने बताया कि लतीफ को सरेंडर करने के लिए मस्जिद के बाहर से भी आवाज लगाई गई थी. इसके बावजूद उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया. रात करीब 2:45 बजे उसने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी होने लगी.

चूंकि आतंकी मस्जिद के अंदर छिपा था, इसलिए सुरक्षाबलों ने बेहद सावधानी से ऑपरेशन चलाया. जवानों की कोशिश थी कि मस्जिद को कोई नुकसान न पहुंचे और आतंकी को जिंदा पकड़ा जा सके. पूरे इलाके की घेराबंदी कर तय रणनीति के तहत कार्रवाई की गई.

पुलिस काफी समय से लतीफ पर नजर रख रही थी. पुख्ता खुफिया जानकारी मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान शुरू किया. हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद लतीफ को जिंदा नहीं पकड़ा जा सका.

दो दिन से सुरक्षाबलों को दे रहा था चकमा

लतीफ भट ने उमर निसार डार के साथ 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में CRPF पोस्ट पर हमला किया था. इस फायरिंग में तीन जवान घायल हो गए थे. हमले के बाद दोनों आतंकी मौके से फरार हो गए थे.

16 नवंबर को पुलिस ने अखरान के लारू इलाके में दोनों को घेर लिया था. इस दौरान हुई मुठभेड़ में उमर मारा गया, जबकि लतीफ भागने में सफल रहा. हालांकि, उसके पैर में गोली लगी थी. इसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया.

करीब दो दिन बाद खुफिया जानकारी मिली कि लतीफ देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपा हुआ है. इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर उसे घेर लिया और सरेंडर करने का मौका दिया.

लतीफ पर था 15 लाख रुपये का इनाम

लश्कर कमांडर लतीफ भट पर पुलिस ने 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. वह साल 2025 की शुरुआत में अचानक अपने घर से लापता हो गया था. इसके बाद परिवार ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी.

जांच में सामने आया कि पाकिस्तान में बैठे आतंकी ऑपरेटिव सज्जाद गुल ने उसे लश्कर-ए-तैयबा और उसके सहयोगी संगठन TRF में शामिल कराया था.

लतीफ ने अशमुजी के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी. इसके बाद उसने कुलगाम के सरकारी डिग्री कॉलेज में भी कुछ समय पढ़ाई की. हालांकि, बाद में उसने पढ़ाई छोड़कर बढ़ई का काम शुरू कर दिया था.

बताया जाता है कि उमर ने लतीफ को करीब छह महीने तक अपने पास पनाह दी थी. दोनों ने CRPF पोस्ट पर हमले से पहले कई इलाकों की रेकी भी की थी.

छह महीने में लश्कर के चार कमांडर ढेर

जम्मू-कश्मीर में पिछले छह महीनों के दौरान सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के चार कमांडरों को मार गिराया है. इनमें लतीफ भट के अलावा जाकिर अहमद गनई, यासिर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी शामिल हैं.

जाकिर अहमद गनई 8 जुलाई 2026 को शोपियां में मारा गया था. वहीं, यासिर 4 सितंबर को ऑपरेशन असधर के दौरान ढेर हुआ. इसके बाद 30 सितंबर को बडगाम में ऑपरेशन शेरुवाली के दौरान मूसा उर्फ आसिफ फौजी को मार गिराया गया. अब लतीफ भट के मारे जाने से लश्कर को एक और बड़ा झटका लगा है.