अब दिल्ली से नेपाल जाना आसान, सिर्फ 8 घंटे में पूरा होगा सफर; नए हाईवे का काम लगभग पूरा, जानें रूट

भारत और नेपाल के बीच सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है. इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से सोनौली बॉर्डर तक 80 किलोमीटर लंबा फोरलेन हाईवे बनाया जा रहा है.

Delhi to Nepal journey taking just 8 hours gorakhpur to sonauli highway complete
Image Source: Social Media

भारत और नेपाल के बीच सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है. इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से सोनौली बॉर्डर तक 80 किलोमीटर लंबा फोरलेन हाईवे बनाया जा रहा है. इस सड़क का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और उम्मीद है कि इसी साल इसे शुरू कर दिया जाएगा. हाईवे बनने के बाद दिल्ली, लखनऊ और गोरखपुर से नेपाल जाना पहले के मुकाबले काफी आसान हो जाएगा.

अभी दिल्ली से नेपाल जाने के लिए लोग फ्लाइट या ट्रेन का सहारा लेते हैं. सड़क से जाने का विकल्प भी है, लेकिन नेपाल सीमा के आसपास कई जगह सड़क की स्थिति बेहतर नहीं है. इससे सफर में ज्यादा समय लगता है. नए हाईवे के बनने से इस परेशानी से राहत मिलेगी. दिल्ली से यमुना एक्सप्रेसवे और आगरा एक्सप्रेसवे होते हुए लखनऊ पहुंचा जा सकेगा. इसके बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते गोरखपुर और फिर सोनौली बॉर्डर तक पहुंचना आसान होगा. दावा है कि इस पूरे रास्ते से दिल्ली से नेपाल तक का सफर करीब 8 घंटे में पूरा किया जा सकेगा.

1,450 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा हाईवे

गोरखपुर से सोनौली बॉर्डर तक बन रहे इस हाईवे पर करीब 1,450 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के मुताबिक, सोनौली-जंगल कौड़िया सेक्शन का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग-24 के तहत किया जा रहा है. करीब 80 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट का ज्यादातर काम पूरा हो चुका है. इसके शुरू होने से भारत और नेपाल के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा. साथ ही दोनों देशों के बीच व्यापार और माल की आवाजाही में भी तेजी आएगी. पर्यटन और उद्योग से जुड़े कारोबार को भी इसका फायदा मिलने की उम्मीद है.

गोरखपुर से सोनौली पहुंचने में लगेगा डेढ़ घंटा

फिलहाल गोरखपुर से सोनौली बॉर्डर पहुंचने में करीब 3 से 4 घंटे लग जाते हैं. इस दौरान लगभग 120 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है. नया हाईवे बनने के बाद यह दूरी घटकर करीब 80 किलोमीटर रह जाएगी. इस रास्ते को तय करने में डेढ़ घंटे से भी कम समय लग सकता है. फोरलेन सड़क होने के कारण वाहनों को चलने के लिए ज्यादा जगह मिलेगी. इससे आम लोगों के साथ-साथ नेपाल आने-जाने वाले ट्रकों को भी सुविधा होगी.

हाईवे पर बनेंगे फ्लाईओवर और अंडरपास

इस परियोजना के तहत सड़क पर एक रेलवे ओवरब्रिज और दो फ्लाईओवर बनाए जा रहे हैं. इसके अलावा वाहनों की आवाजाही आसान बनाने के लिए 24 अंडरपास भी तैयार किए गए हैं. हाईवे के साथ करीब 68 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड भी बनाई जा रही है. सड़क पर 105 जगहों से वाहनों के चढ़ने और उतरने की व्यवस्था की गई है. सभी फ्लाईओवर और अंडरपास को छह लेन की क्षमता के हिसाब से तैयार किया गया है, ताकि ट्रैफिक का दबाव बढ़ने पर भी वाहनों को परेशानी न हो.

सुरक्षा के लिए लगेंगे CCTV कैमरे

हाईवे पर सफर को सुरक्षित बनाने के लिए आधुनिक ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम भी लगाया जा रहा है. इसमें सीसीटीवी कैमरे, इमरजेंसी कॉल बॉक्स और रियल टाइम ट्रैफिक मॉनिटरिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं. इसके अलावा रास्ते में जरूरी साइनबोर्ड भी लगाए जाएंगे. इन व्यवस्थाओं से सड़क पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखना और आपात स्थिति में मदद पहुंचाना आसान होगा. हाईवे शुरू होने के बाद भारत और नेपाल के बीच यात्रा के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है.