Bird Flu Vaccine: भारत ने बर्ड फ्लू से मुर्गियों को बचाने के लिए पहली स्वदेशी वैक्सीन तैयार कर ली है. इस वैक्सीन को भोपाल स्थित ICAR-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) ने विकसित किया है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को इस वैक्सीन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे.
यह वैक्सीन H5N1 बर्ड फ्लू वायरस के खिलाफ तैयार की गई है. कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, यह भारत में H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1A के खिलाफ विकसित अपनी तरह की पहली स्वदेशी वैक्सीन है. इसे मुर्गियों के लिए निष्क्रिय वैक्सीन के रूप में तैयार किया गया है.
बर्ड फ्लू से मुर्गियों को होता है भारी नुकसान
बर्ड फ्लू को वैज्ञानिक भाषा में HPAI यानी अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा कहा जाता है. यह मुर्गियों और दूसरी पक्षी प्रजातियों को प्रभावित करने वाली गंभीर बीमारी है. इसके संक्रमण से बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत हो सकती है. बीमारी फैलने पर संक्रमित पक्षियों को मारना पड़ता है और कई बार उनके व्यापार पर भी रोक लगा दी जाती है. इससे पोल्ट्री कारोबार और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है.
भारत में साल 2006 में पहली बार बर्ड फ्लू का मामला सामने आया था. इसके बाद से देश में H5N1 और H5N8 वायरस के 500 से ज्यादा प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं. इसका असर केवल पोल्ट्री फार्म तक सीमित नहीं रहता, बल्कि अंडे और चिकन की कीमतों के साथ-साथ किसानों की कमाई पर भी पड़ता है.
बर्ड फ्लू फैलने पर कितना हो सकता है नुकसान?
केंद्र सरकार के अनुसार, अगर भारत में बर्ड फ्लू का बड़ा प्रकोप फैलता है, तो इससे देश की GDP ग्रोथ में 1.5 प्रतिशत तक की गिरावट आ सकती है. बीमारी पर समय रहते काबू नहीं पाया गया, तो देश की 20 प्रतिशत से ज्यादा पोल्ट्री आबादी प्रभावित हो सकती है.
साल 2006 में बर्ड फ्लू के प्रकोप के कारण भारत को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था. वहीं, मणिपुर में भी इस बीमारी के एक प्रकोप से राज्य की GDP के करीब 0.5 प्रतिशत के बराबर नुकसान हुआ था.
इंसानों में भी पहुंच सकता है संक्रमण
बर्ड फ्लू केवल पक्षियों के लिए ही नहीं, बल्कि इंसानों के लिए भी चिंता का विषय है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों के मुताबिक, साल 2003 से अब तक भारत समेत 25 देशों में H5N1 संक्रमण के 1,003 मामले सामने आए हैं. इनमें 479 लोगों की मौत हुई है.
मंत्रालय के अनुसार, H5N1 वायरस का क्लेड 2.3.2.1A स्वरूप भारत में मुर्गियों के बीच बर्ड फ्लू फैलने की बड़ी वजह रहा है. हाल के वर्षों में यह वायरस स्तनधारी जानवरों समेत कई दूसरी प्रजातियों में भी पाया गया है. इंसानों में भी इसके संक्रमण के तीन मामले सामने आ चुके हैं.
स्वदेशी वैक्सीन से संक्रमण रोकने में मिलेगी मदद
केंद्र सरकार के मुताबिक, फिलहाल H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1A से बचाव के लिए कोई खास व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं है. ऐसे में भारत में बनी इस स्वदेशी वैक्सीन को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
इस वैक्सीन का मुख्य उद्देश्य देश में फैल रहे H5N1 वायरस से मुर्गियों को सुरक्षा देना है. इससे बर्ड फ्लू के प्रकोप को रोकने, पोल्ट्री किसानों के आर्थिक नुकसान को कम करने और वायरस को दूसरे जानवरों व इंसानों तक फैलने से रोकने में मदद मिल सकती है.