Shukra Gochar 2026: ज्योतिष शास्त्र में शुक्र ग्रह को सुख-सुविधाओं, प्रेम, वैवाहिक जीवन, धन और ऐश्वर्य का कारक माना जाता है. 22 नवंबर को शुक्र अपनी स्वराशि तुला में प्रवेश करने जा रहे हैं. शुक्र का यह गोचर कुछ राशियों के लिए खास लाभकारी साबित हो सकता है. इस दौरान किसी को शादी और प्रेम संबंधों में सफलता मिल सकती है, तो कुछ जातकों के लिए घर, वाहन और प्रॉपर्टी खरीदने के योग बनेंगे. आइए जानते हैं किन चार राशियों के लिए शुक्र का यह राशि परिवर्तन शुभ रहने वाला है.
मेष राशि
मेष राशि के जातकों के लिए शुक्र दूसरे और सातवें भाव के स्वामी हैं. तुला राशि में शुक्र का गोचर आपके वैवाहिक जीवन के लिए अच्छा रहने वाला है. विवाह योग्य सिंगल जातकों को मनपसंद जीवनसाथी मिलने की संभावना है. वहीं, प्रेम संबंधों में रहने वाले लोगों के रिश्ते शादी तक पहुंच सकते हैं. इस दौरान आपका व्यक्तित्व भी आकर्षक बनेगा और आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होगी. इसका सकारात्मक असर आपके करियर पर भी पड़ सकता है.
कर्क राशि
कर्क राशि वालों के लिए शुक्र का राशि परिवर्तन घरेलू जीवन में सुख-शांति लेकर आ सकता है. इस राशि के लिए शुक्र चौथे और ग्यारहवें भाव के स्वामी हैं. गोचर के प्रभाव से माता के साथ संबंध मजबूत होंगे और परिवार में प्रेम व आपसी तालमेल बना रहेगा. इस दौरान नया घर या वाहन खरीदने की योजना सफल हो सकती है. निवेश के लिहाज से प्रॉपर्टी खरीदने के अवसर भी मिल सकते हैं. इसके अलावा, घर की सजावट और मरम्मत पर खर्च होने की संभावना है.
तुला राशि
तुला राशि के जातकों के लिए शुक्र का अपनी ही राशि में आना विशेष महत्व रखता है. शुक्र आपके लग्न और आठवें भाव के स्वामी हैं. इस गोचर से आपका व्यक्तित्व प्रभावशाली बनेगा और आप बेहतर जीवनशैली का आनंद ले सकेंगे. अचानक कोई अच्छी खबर मिलने के योग हैं. करियर में भी ऐसा बदलाव आ सकता है, जो आगे चलकर आपके लिए फायदेमंद साबित होगा. रचनात्मक कार्यों और रिसर्च से जुड़े विद्यार्थियों के लिए भी यह समय अनुकूल रह सकता है.
कुंभ राशि
कुंभ राशि के जातकों के लिए शुक्र योगकारक ग्रह माने जाते हैं. शुक्र आपके चौथे और नौवें भाव के स्वामी हैं. ऐसे में तुला राशि में उनका गोचर आपके लिए भाग्य के नए अवसर लेकर आ सकता है. पिता और गुरु का सहयोग व आशीर्वाद मिलेगा. परिवार के साथ किसी धार्मिक यात्रा पर जाने की योजना बन सकती है. घर में पूजा-पाठ या धार्मिक आयोजन होने के भी संकेत हैं. पारिवारिक जीवन में खुशहाली रहेगी और अपनों के साथ छुट्टियां बिताने का मौका मिल सकता है.
ये भी पढ़ें- कब होगा चातुर्मास का समापन? जानें देवउठनी एकादशी की सही तारीख, शुभ मुहूर्त और पूजा विधि