कश्मीर में नहीं बचे एक भी लोकल आतंकी, लतीफ भट भी ढ़ेर, सुरक्षाबलों ने घाटी को कैसे बनाया आतंक मुक्त?

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट के मारे जाने के बाद घाटी में एक बड़ा बदलाव सामने आया है. बताया जा रहा है कि अब जम्मू-कश्मीर में कोई भी स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं है.

Not a single local terrorist remains in Kashmir Latif Bhat has also been eliminated
Image Source: ANI

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट के मारे जाने के बाद घाटी में एक बड़ा बदलाव सामने आया है. बताया जा रहा है कि अब जम्मू-कश्मीर में कोई भी स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं है. बुधवार को सुरक्षाबलों ने कुलगाम के जंगलगाम गांव में एक ऑपरेशन के दौरान लतीफ को मार गिराया. उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था.

लतीफ के मारे जाने से स्थानीय आतंकियों का नेटवर्क कमजोर हुआ है. इसी साल सरकार ने जानकारी दी थी कि घाटी में केवल एक स्थानीय आतंकी लतीफ भट ही सक्रिय है. सुरक्षाबल लंबे समय से उसकी तलाश कर रहे थे. पहले उसके साथी उमर निसार डार को मुठभेड़ में मार गिराया गया और इसके बाद लतीफ को घेर लिया गया. उसे सरेंडर करने का मौका भी दिया गया, लेकिन उसने इनकार कर दिया. आखिरकार मुठभेड़ में वह मारा गया.

आखिरी लोकल आतंकी लतीफ भट कौन था?

23 साल का लतीफ भट कुलगाम जिले के ख्रेवान गांव का रहने वाला था. लश्कर-ए-तैयबा में शामिल होने से पहले वह बढ़ई का काम करता था. साल 2025 में उसके परिवार ने पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद से ही सुरक्षाबल उसकी तलाश कर रहे थे.

लतीफ पर घाटी में लश्कर के लिए काम करने और टारगेट किलिंग जैसी घटनाओं में शामिल होने का आरोप था. हाल ही में छत्तीसगढ़ के मजदूरों की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था. वह कई बार सुरक्षाबलों की घेराबंदी से बचकर भागने में कामयाब रहा था.

अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था. इसके लिए वह इलाके की रेकी कर रहा था. इसी दौरान सुरक्षाबलों को उसकी मौजूदगी की जानकारी मिली और उसे घेरकर ऑपरेशन चलाया गया.

क्या अब आतंक मुक्त हो गया जम्मू-कश्मीर?

लतीफ के मारे जाने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या जम्मू-कश्मीर अब पूरी तरह आतंकवाद से मुक्त हो गया है? हालांकि, ऐसा कहना अभी सही नहीं होगा. घाटी में भले ही कोई स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं बचा हो, लेकिन विदेशी आतंकियों का खतरा अभी बना हुआ है.

फिलहाल जम्मू-कश्मीर में करीब 40 विदेशी आतंकियों के सक्रिय होने की जानकारी सामने आई है. इनमें ज्यादातर पाकिस्तान से जुड़े बताए जाते हैं. ये आतंकी मुख्य रूप से दक्षिण कश्मीर के इलाकों में सक्रिय हैं. सुरक्षाबल लगातार इनके खिलाफ अभियान चला रहे हैं.

इसका मतलब है कि स्थानीय युवाओं की आतंकी संगठनों में भर्ती पर काफी हद तक रोक लगी है, लेकिन विदेशी आतंकियों की मौजूदगी अभी भी सुरक्षा के लिए चुनौती बनी हुई है.

कभी घाटी में थे 50-60 लोकल आतंकी, अब संख्या शून्य

केंद्र सरकार ने संसद में बताया था कि साल 2021 तक जम्मू-कश्मीर में 50 से 60 स्थानीय आतंकी सक्रिय थे. साल 2025 तक इनकी संख्या घटकर सिर्फ 17 रह गई थी. अब लतीफ के मारे जाने के बाद स्थानीय आतंकियों की संख्या शून्य बताई जा रही है.

ऐसे में सवाल है कि आखिर कुछ सालों में घाटी में स्थानीय आतंकियों की संख्या इतनी तेजी से कैसे कम हुई? इसके पीछे सुरक्षाबलों के अभियान, टेरर फंडिंग पर कार्रवाई और आतंकियों की भर्ती में आई गिरावट को बड़ी वजह माना जा रहा है.

लॉकडाउन के दौरान आतंकियों पर बढ़ी निगरानी

साल 2020 और 2021 में कोरोना महामारी और लॉकडाउन के दौरान सुरक्षाबलों ने घाटी में आतंकियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई. इस दौरान आतंकियों की आवाजाही और उनके संपर्कों पर नजर रखना आसान हुआ. लगातार चलाए गए अभियानों से कई आतंकियों को पकड़ा गया और कई मुठभेड़ों में मारे गए. इससे घाटी में आतंकी घटनाओं पर भी लगाम लगाने में मदद मिली.

NIA की कार्रवाई से टेरर फंडिंग पर लगी चोट

आतंकवाद को कमजोर करने के लिए केंद्र सरकार ने जांच एजेंसियों की कार्रवाई भी तेज की. साल 2019 में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की शक्तियों को बढ़ाया गया. इसके बाद एजेंसी को भारत के बाहर भारतीय हितों के खिलाफ किए गए आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच का अधिकार मिला. साइबर आतंकवाद और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों में भी इसकी भूमिका बढ़ाई गई.

इसके बाद NIA ने जम्मू-कश्मीर में आतंकियों को मिलने वाले पैसों के नेटवर्क पर कार्रवाई शुरू की. टेरर फंडिंग और ड्रग्स के कारोबार से जुड़े मामलों में छापेमारी और जांच तेज हुई. इससे आतंकी संगठनों तक पहुंचने वाले पैसों के रास्ते को कमजोर करने में मदद मिली.

स्थानीय युवाओं की आतंकी संगठनों में भर्ती घटी

घाटी में स्थानीय आतंकियों की संख्या कम होने की एक बड़ी वजह नई भर्ती में आई गिरावट भी है. पहले कई स्थानीय युवा आतंकी संगठनों में शामिल हो जाते थे, लेकिन लगातार कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था सख्त होने के बाद इस पर रोक लगी है.

आंकड़ों के मुताबिक, साल 2025 में आतंकी संगठनों में स्थानीय युवाओं की भर्ती में 94 प्रतिशत की कमी आई. इसका मतलब है कि अब स्थानीय युवाओं का आतंकवाद की ओर जाना पहले के मुकाबले काफी कम हुआ है.

हालांकि, विदेशी आतंकियों की मौजूदगी के कारण जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा चुनौती अभी खत्म नहीं हुई है. लेकिन स्थानीय आतंकियों की संख्या शून्य होना सुरक्षाबलों और सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है.