कब होगा चातुर्मास का समापन? जानें देवउठनी एकादशी की सही तारीख, शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

Dev Uthani Ekadashi 2026: 20 नवंबर को रखा जाएगा देवउठनी एकादशी का व्रत, इस दिन योग निद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु; जानें पूजा का शुभ समय, पारण मुहूर्त और व्रत से जुड़े जरूरी नियम.

dev-uthani-ekadashi-2026-date-shubh-muhurat-puja-vidhi
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Dev Uthani Ekadashi 2026: हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी को बेहद शुभ और महत्वपूर्ण पर्व माना जाता है. इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं और इसी के साथ चातुर्मास का समापन हो जाता है. चातुर्मास खत्म होने के बाद शादी-विवाह समेत सभी मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है. यही वजह है कि भक्त इस दिन भगवान विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना करते हैं. कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवउठनी एकादशी, प्रबोधिनी एकादशी और देवोत्थान एकादशी के नाम से भी जाना जाता है. साल 2026 में यह पर्व भीष्म पंचक के दौरान मनाया जाएगा. आइए जानते हैं इसकी सही तारीख, पूजा का शुभ समय और धार्मिक महत्व.

देवउठनी एकादशी 2026 कब है? जानें व्रत की सही तारीख

पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर 2026 को सुबह 7 बजकर 15 मिनट से शुरू होगी और 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर समाप्त होगी. उदया तिथि के आधार पर देवउठनी एकादशी का व्रत 20 नवंबर, शुक्रवार को रखा जाएगा. वहीं, व्रत का पारण अगले दिन यानी 21 नवंबर, शनिवार को किया जाएगा. पारण का शुभ समय सुबह 6 बजकर 49 मिनट से 8 बजकर 56 मिनट तक रहेगा. धार्मिक मान्यता है कि एकादशी व्रत का पूरा फल प्राप्त करने के लिए निर्धारित समय पर पारण करना महत्वपूर्ण होता है.

देवउठनी एकादशी 2026 के शुभ मुहूर्त और योग

देवउठनी एकादशी के दिन पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यों के लिए कई शुभ मुहूर्त रहेंगे. इस दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5 बजकर 1 मिनट से 5 बजकर 54 मिनट तक रहेगा. अभिजित मुहूर्त सुबह 11 बजकर 45 मिनट से दोपहर 12 बजकर 28 मिनट तक और विजय मुहूर्त दोपहर 1 बजकर 53 मिनट से 2 बजकर 35 मिनट तक रहेगा. इसके अलावा गोधूलि मुहूर्त शाम 5 बजकर 26 मिनट से 5 बजकर 52 मिनट तक रहेगा. अमृत काल 21 नवंबर की रात 2 बजकर 3 मिनट से 3 बजकर 39 मिनट तक और निशिता मुहूर्त रात 11 बजकर 40 मिनट से 12 बजकर 34 मिनट तक रहेगा. खास बात यह है कि इस दिन पूरे समय रवि योग का संयोग बना रहेगा.

देवउठनी एकादशी पर कैसे करें भगवान विष्णु की पूजा?

इस पावन दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और स्वच्छ कपड़े पहनकर भगवान विष्णु का ध्यान करते हुए व्रत का संकल्प लें. इसके बाद घर और पूजा स्थल की अच्छी तरह सफाई करें. पूजा की चौकी पर लाल या सफेद कपड़ा बिछाकर भगवान विष्णु की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें. इसके पास एक कलश भी रखें. फिर भगवान विष्णु का गंगाजल से अभिषेक करें और घी का दीपक जलाकर फल, फूल, धूप और नैवेद्य अर्पित करें. भोग में तुलसी दल जरूर शामिल करें, क्योंकि धार्मिक मान्यता के अनुसार तुलसी के बिना भगवान विष्णु का भोग अधूरा माना जाता है.

व्रत कथा और आरती के साथ पूरी करें पूजा

भगवान विष्णु को भोग लगाने के बाद देवउठनी एकादशी की व्रत कथा पढ़ें या सुनें. इसके बाद भगवान विष्णु की आरती करें और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करें. पूजा संपन्न होने के बाद जरूरतमंदों और ब्राह्मणों को अन्न, वस्त्र या अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दक्षिणा दें. मान्यता है कि देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु की सच्चे मन से आराधना और दान-पुण्य करने से भक्तों को सुख-समृद्धि और पुण्य की प्राप्ति होती है. इस दिन व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को अगले दिन शुभ मुहूर्त में व्रत का पारण करना चाहिए.

ये भी पढ़ें-Amla Navami 2026: अक्षय नवमी पर मेष से मीन राशि तक के जातक करें ये खास उपाय, खुलेंगे तरक्की के रास्ते