'कुछ डिशेज ठंडी भी अच्छी लगती हैं', लतीफ के एनकाउंटर पर बोले CRPF चीफ, अमित शाह ने जवानों को किया सलाम

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी कमांडर लतीफ भट को मार गिराने के बाद सुरक्षाबलों की तारीफ हो रही है.

CRPF chief on Latif Bhat Encounter Amit Shah salutes the Security Forces
Image Source: Social Media

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी कमांडर लतीफ भट को मार गिराने के बाद सुरक्षाबलों की तारीफ हो रही है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल की सराहना की है. वहीं, CRPF के महानिदेशक जीपी सिंह ने भी सुरक्षाबलों को बधाई देते हुए अपने अंदाज में तंज कसा.

अमित शाह ने बुधवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि कुलगाम में सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान चलाकर लश्कर के स्थानीय आतंकी लतीफ भट को मार गिराया. इस ऑपरेशन में जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों ने मिलकर काम किया.

अमित शाह बोले- सुरक्षाबलों के तालमेल को सलाम

गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि लतीफ भट से एक दिन पहले कुलगाम में उसके साथी आतंकी उमर निसार को भी मार गिराया गया था. उन्होंने कहा कि दोनों आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई में सुरक्षा एजेंसियों के बीच शानदार तालमेल देखने को मिला.

अमित शाह ने सुरक्षाबलों की तारीफ करते हुए लिखा कि पूरा देश जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है. उनके मुताबिक, आपसी तालमेल और सही रणनीति की वजह से इस ऑपरेशन को सफल बनाया गया.

CRPF चीफ ने ठंडे अंदाज में कसा तंज

लतीफ भट के मारे जाने पर CRPF के महानिदेशक जीपी सिंह ने भी सुरक्षाबलों को बधाई दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'बधाई हो दोस्तों. कुछ डिशेज ठंडी सर्व करने पर ही सबसे अच्छी लगती हैं, ठंड के मौसम में भी.'

उनकी इस टिप्पणी को आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों की कार्रवाई पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है.

ऐसे सुरक्षाबलों के घेरे में आया लतीफ भट

जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान लगातार जारी है. इसके तहत कई गांवों में घर-घर जाकर जांच की जा रही थी. इस संयुक्त अभियान में सेना की 9 राष्ट्रीय राइफल्स, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान शामिल थे.

ऑपरेशन के पहले दिन सोमवार को लतीफ के साथी उमर निसार को मुठभेड़ में मार गिराया गया था. सुरक्षाबलों ने CCTV फुटेज भी जारी किया था, जिसमें अखरान में CRPF पोस्ट पर हुए हमले से जुड़ी जानकारी सामने आई थी. जांच में पता चला था कि उमर ने इस हमले में लतीफ की मदद की थी.

इसके बाद सुरक्षाबलों ने लतीफ की तलाश तेज कर दी. बुधवार सुबह तलाशी अभियान के दौरान उसकी लोकेशन का पता चला. वह एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था.

सरेंडर का मौका दिया, लेकिन नहीं माना आतंकी

सुरक्षाबलों ने लतीफ को जिंदा पकड़ने की कोशिश की और उसे हथियार डालकर बाहर आने के लिए कहा. इस दौरान सेना के एक अधिकारी ने वीडियो के जरिए उससे बात करते हुए कहा कि वे उसके साथ हैं और उसे सरेंडर कर देना चाहिए.

हालांकि, लतीफ ने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई. आखिरकार सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई में उसे मार गिराया. लतीफ के मारे जाने के साथ ही कुलगाम में आतंकियों के खिलाफ चल रहे इस अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली.

ये भी पढ़ें- कश्मीर में नहीं बचे एक भी लोकल आतंकी, लतीफ भट भी ढ़ेर, सुरक्षाबलों ने घाटी को कैसे बनाया आतंक मुक्त?