भारत और बांग्लादेश के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. मेघालय के पास सीमा पार कर बांग्लादेश के सिलहट जिले में पहुंचे भारतीय सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जवान को फ्लैग मीटिंग के बाद भारत को सौंप दिया गया. बताया जा रहा है कि जवान अपनी सर्विस राइफल के साथ बांग्लादेशी इलाके में करीब 200 गज अंदर चला गया था. करीब पांच घंटे तक बांग्लादेश की हिरासत में रहने के बाद वह वापस लौट आया.
कौन है सीमा पार करने वाला जवान?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जवान की पहचान कॉन्स्टेबल जेसी योगी के रूप में हुई है. यह घटना 17 नवंबर को बांग्लादेश के सिलहट जिले के बिचानाकांडी सीमा क्षेत्र में हुई. बताया जाता है कि जवान अपनी सर्विस राइफल के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर गया था. भारत लौटने के बाद जवान ने घटनाक्रम के बारे में बताया. उसके मुताबिक, कुछ लड़कों को उसने दो-तीन बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वे उसकी बात नहीं मान रहे थे. जवान ने कहा कि उन लोगों ने उसे चुनौती देते हुए पूछा कि वह उनका क्या कर लेगा. इसके बाद वह सीमा के पास एक दुकान पर गया और एक युवक को फटकार लगाई. जवान का दावा है कि इसी दौरान बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के जवानों ने उसे पकड़ लिया.
फ्लैग मीटिंग के बाद BSF को सौंपा गया जवान
रिपोर्ट्स के अनुसार, इलाके में नियमित गश्त कर रहे 48वीं BGB बटालियन के जवानों ने भारतीय जवान को हिरासत में लिया था. घटना की जानकारी मिलने के बाद BSF और BGB के अधिकारियों के बीच फ्लैग मीटिंग हुई. बातचीत के बाद जवान और उसकी सर्विस राइफल दोनों को BSF के हवाले कर दिया गया. 'प्रोथोम आलो' की रिपोर्ट के मुताबिक, जवान को मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे हिरासत में लिया गया था और शाम तक भारत को सौंप दिया गया. इस तरह वह करीब पांच घंटे बाद वापस लौट आया.
मेडिकल जांच के लिए भेजा गया जवान
BSF सूत्रों के मुताबिक, भारत लौटने के बाद जवान को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया. हालांकि, BSF की ओर से उसकी हिरासत और वापसी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. इस बीच सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी वायरल हुए, जिनमें BGB के जवान और स्थानीय लोग एक भारतीय जवान के साथ दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में भारतीय जवान के पास वॉकी-टॉकी सेट नजर आता है. उसके शरीर पर INSAS राइफल और पंप-एक्शन गन भी लटकी हुई दिखाई देती हैं. एक अन्य दृश्य में BGB के जवान उसे स्थानीय व्यक्ति की मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले जाते नजर आते हैं.
भारत-बांग्लादेश के बीच 4,096 किलोमीटर लंबी सीमा
भारत और बांग्लादेश के बीच करीब 4,096 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा है. यह भारत की किसी भी पड़ोसी देश के साथ सबसे लंबी जमीनी सीमा है. यह सीमा पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा और मिजोरम से होकर गुजरती है. सीमा के कई हिस्सों में अब भी फेंसिंग नहीं है. मेघालय के कुछ सीमावर्ती इलाकों में दोनों तरफ के लोग और पर्यटक आते-जाते रहते हैं. ऐसे इलाकों में सीमा की पहचान और निगरानी को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी पड़ती है.
यह भी पढ़ें: भारतीय हथियारों का फैन हुआ फिलीपींस! ब्रह्मोस के बाद आकाश और पिनाका भी खरीदेगा, चीन की बढ़ेगी बेचैनी?