CM Yogi Speech: उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान विधान परिषद में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वंदे मातरम् के सम्मान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. 16 फरवरी 2026, सोमवार को उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् देश की आन-बान-शान का प्रतीक है और राष्ट्रगीत का अपमान संविधान की अवहेलना है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो व्यक्ति भारत में रहकर राष्ट्रगीत का सम्मान नहीं करता, वह संविधान का भी सम्मान नहीं करता. उन्होंने राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति अपमानजनक टिप्पणी को राष्ट्रद्रोह जैसा बताया.
#WATCH | Lucknow: Uttar Pradesh Legislative Assembly Budget Session 2026 | Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath says, "... The Governor is the constitutional head of the state. The conduct of our main opposition towards the constitutional head weakens democracy... It is… pic.twitter.com/BrY0KsWOWm
— ANI (@ANI) February 16, 2026
राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान किया जाए
उन्होंने यह भी कहा कि सभी का कर्तव्य है कि राष्ट्रीय प्रतीकों और संवैधानिक पदों का सम्मान किया जाए. राज्यपाल के प्रति विपक्ष के व्यवहार की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा रवैया लोकतंत्र को कमजोर करता है और नारी शक्ति का भी अपमान है. मुख्यमंत्री ने सभापति का धन्यवाद करते हुए कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण सरकार की उपलब्धियों और आने वाली योजनाओं का दस्तावेज होता है, और करीब 51 सदस्यों ने चर्चा में भाग लिया.
कानून व्यवस्था और विकास पर सरकार का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले नौ वर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने अपराध और अव्यवस्था से कानून के राज की ओर कदम बढ़ाया है. उनके अनुसार 2017 से पहले प्रदेश में अराजकता थी, पुलिस का मनोबल कमजोर था और महिलाओं व व्यापारियों की सुरक्षा चिंता का विषय थी.
उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में रूल ऑफ लॉ स्थापित है और विकास के लिए कानून व्यवस्था जरूरी है. उन्होंने कहा कि पहले “वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया” जैसी स्थिति थी, लेकिन डबल इंजन सरकार के चलते निवेश, सामाजिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिला है.
प्रयागराज संगम का उदाहरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसफॉर्मेशन की त्रिवेणी बन चुका है. उन्होंने प्रयागराज के संगम का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे वहां तीन नदियां मिलती हैं, वैसे ही प्रदेश में तकनीक, विश्वास और बदलाव की धारा बह रही है.
एआई इम्पैक्ट समिट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत एक तय योजना के तहत आगे बढ़ रहा है. उनके अनुसार उत्तर प्रदेश अब फियर जोन से फेथ जोन में बदल गया है. कर्फ्यू कल्चर की जगह जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है और फेस्टिवल व टेंपल इकोनॉमी तेजी से आगे बढ़ रही है.
"आक्रांताओं का महिमामंडन करती है"
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया कि वह आक्रांताओं का महिमामंडन करती है और लोगों को गुमराह करती है. उन्होंने कहा कि नए भारत और नए उत्तर प्रदेश में ऐसी सोच स्वीकार नहीं की जाएगी.
उन्होंने महाराजा सुहेलदेव और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार सांस्कृतिक विरासत को सम्मान दे रही है. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2017 के बाद प्रदेश में कोई सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ और अब उत्तर प्रदेश उत्सव प्रदेश के रूप में पहचान बना चुका है.
राम मंदिर और सांस्कृतिक मुद्दों पर सपा पर हमला
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर सांस्कृतिक और धार्मिक मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सपा राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम का विरोध करती रही है और जन्माष्टमी व कांवड़ यात्रा पर रोक लगाती थी. उन्होंने आरोप लगाया कि राम भक्तों पर गोलियां चलवाई गईं और राम मंदिर निर्माण के खिलाफ वकील खड़े किए गए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है और करोड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. उन्होंने काशी में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर से जुड़े मंदिर निर्माण का भी जिक्र किया और कहा कि सरकार सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने का काम कर रही है.
प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर सरकार का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को ‘बीमारू राज्य’ कहा जाता था, लेकिन अब प्रदेश की पहचान दीपोत्सव जैसे आयोजनों से हो रही है. उन्होंने बताया कि 2017 में प्रदेश की जीडीपी करीब 13 लाख करोड़ रुपये थी. अब इसमें 23 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है और प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगभग 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने कोई नया टैक्स नहीं लगाया, बल्कि टैक्स चोरी रोककर और पारदर्शिता बढ़ाकर राजस्व में इजाफा किया है.
ये भी पढ़ें- सिक्योरिटी गार्ड का जमाना गया, अब दफ्तर से लेकर घर तक की सुरक्षा करेगा टाटा का बनाया 'पुचू'