JEE Main 2026 सेशन 1 का रिजल्ट हुआ जारी, 96.26 प्रतिशत छात्र हुए सफल

JEE Main 2026: National Testing Agency (NTA) ने JEE Main 2026 सेशन 1 का रिजल्ट जारी कर दिया है. अभी बीई और बीटेक में एडमिशन के लिए आयोजित पेपर 1 का परिणाम घोषित किया गया है.

JEE Main 2026 Session 1 result released 96.26 percent students passed
Image Source: ANI/ File

JEE Main 2026: National Testing Agency (NTA) ने JEE Main 2026 सेशन 1 का रिजल्ट जारी कर दिया है. अभी बीई और बीटेक में एडमिशन के लिए आयोजित पेपर 1 का परिणाम घोषित किया गया है. बी आर्क और बी प्लानिंग यानी पेपर 2 का रिजल्ट बाद में जारी किया जाएगा. इस बार पेपर 1 में 12 छात्रों ने 100 पर्सेंटाइल हासिल कर अखिल भारतीय रैंक 1 (AIR 1) प्राप्त की है. कुल परीक्षार्थियों में से 96.26 प्रतिशत छात्र सफल हुए हैं.

यह परीक्षा 21 से 29 जनवरी 2026 के बीच आयोजित की गई थी. कुल 13,55,293 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 13,04,653 छात्र परीक्षा में शामिल हुए. ये छात्र भारत के विभिन्न शहरों के साथ-साथ काठमांडू, दुबई और कुवैत जैसे विदेशी परीक्षा केंद्रों पर भी शामिल हुए थे. NTA के अनुसार कुल उपस्थित छात्रों में से 96.26 फीसदी पास हुए हैं.

इन 12 छात्रों ने हासिल किए 100 पर्सेंटाइल

पेपर 1 में 12 छात्रों ने 100 पर्सेंटाइल स्कोर किया है. इनमें श्रेयांस मिश्रा (दिल्ली), नरेंद्र बाबू (आंध्र प्रदेश), शुभम कुमार (बिहार), कबीर छिल्लर (राजस्थान), चिंरजीब कर (राजस्थान), भावेश पात्रा (ओडिशा), अनन्य जैन (हरियाणा), अर्णव गौतम (राजस्थान), पसल्ला मोहित (राजस्थान), माधव (महाराष्ट्र), पुरोहित निमय (गुजरात) और विवान शरद (तेलंगाना) शामिल हैं.

ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट

उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं. वेबसाइट पर रिजल्ट लिंक पर क्लिक करने के बाद रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड या जन्मतिथि दर्ज कर लॉगिन करना होगा. लॉगिन करने के बाद स्क्रीन पर स्कोर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकता है.

कटऑफ को लेकर क्या है अनुमान

अभी NTA ने आधिकारिक कटऑफ जारी नहीं की है. हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि सामान्य वर्ग की कटऑफ 93 से 95 पर्सेंटाइल के बीच रह सकती है. EWS वर्ग के लिए 81 से 83, OBC के लिए 78 से 80, SC के लिए 62 से 64 और ST वर्ग के लिए 47 से 50 पर्सेंटाइल तक कटऑफ रहने का अनुमान है. अब छात्रों को आगे की प्रक्रिया और पेपर 2 के रिजल्ट का इंतजार है.

ये भी पढ़ें- यूपी एसटीएफ और मुंबई क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई, रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार