दिल्ली में शुरू हुआ दुनिया का सबसे बड़ा AI इवेंट, शामिल होंगी 300 से ज्यादा कंपनियां, क्या होगा खास?

16 फरवरी से नई दिल्ली में 'इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026' का आयोजन शुरू हो गया है.

AI Impact Summit 2026 Worlds largest AI event started in Delhi
Image Source: Social Media

AI Impact Summit: 16 फरवरी से नई दिल्ली में 'इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026' का आयोजन शुरू हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 5 बजे इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे. यह इवेंट 20 फरवरी तक भारत मंडपम में चलेगा. समिट के साथ 'इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026' भी आयोजित हो रहा है, जहां दुनियाभर की टेक कंपनियां अपने लेटेस्ट AI गैजेट्स और तकनीक पेश करेंगी.

इस समिट में आम लोग देख पाएंगे कि AI असल जिंदगी में कैसे काम करता है और भविष्य में यह खेती, सेहत और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में कैसे बदलाव ला सकता है.

पीएम मोदी का संदेश

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पीएम मोदी ने लिखा कि इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में दुनिया भर के नेताओं, बिजनेसमैन, इनोवेटर्स, रिसर्चर्स और टेक एक्सपर्ट्स का स्वागत है. इस साल की थीम है 'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय', जिसका मतलब है 'सबका भला और सबकी खुशी'. इसका उद्देश्य AI को इंसानियत की तरक्की के लिए इस्तेमाल करना है.

आम लोगों के लिए खास आकर्षण

AI इम्पैक्ट एक्सपो:

70,000 वर्ग मीटर से ज्यादा क्षेत्र में 300 कंपनियां अपने AI गैजेट्स और तकनीक दिखाएंगी. आम लोग देख सकेंगे कि AI असल जिंदगी में कैसे काम करता है.

एजुकेशन और स्किलिंग:

छात्रों और युवाओं के लिए 'YUVAi' और 'AI for ALL' प्रोग्राम होंगे. इसमें लोग सीखेंगे कि AI टूल्स का इस्तेमाल पढ़ाई और करियर में कैसे किया जा सकता है.

रोजमर्रा की समस्याओं पर फोकस:

AI मॉडल्स का डेमो दिखाया जाएगा जो फसल की बीमारियों की पहचान, अस्पतालों में बेहतर इलाज और भाषा अनुवाद को आसान बनाने में मदद करेंगे.

स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स से मुलाकात:

देश-विदेश के स्टार्टअप्स अपने नए प्रोडक्ट्स पेश करेंगे. लोग इन इनोवेटर्स से सीधे बात कर सकेंगे और भविष्य की तकनीक देख सकेंगे.

एक्सपीरिएंस जोन:

समिट में कई 'थीमैटिक पैवेलियन' बनाए गए हैं. यहां लोग AI पावर्ड मशीनों और सॉफ्टवेयर का अनुभव ले सकेंगे, जैसे स्मार्ट हेल्थ मॉनिटरिंग और AI ट्यूटर.

दुनिया के टॉप लीडर्स और CEO

समिट में 100 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. फ्रांस के राष्ट्रपति, ब्राजील के राष्ट्रपति, 15-20 देशों के अन्य नेता और 50 मंत्री भी भाग लेंगे.
40 बड़े CEO भी इसमें शामिल होंगे, जिनमें संदर पिचाई (Google), सैम ऑल्टमैन (OpenAI), जेन्सेन हुआंग (Nvidia), मुकेश अंबानी, नंदन नीलेकणि, एन. चंद्रशेखरन और अन्य शामिल हैं.

5 दिन का शेड्यूल

  • 16 फरवरी: एक्सपर्ट्स और पॉलिसी मेकर्स के बीच राउंडटेबल, शाम 5 बजे पीएम मोदी उद्घाटन. 300 स्टार्टअप्स अपने AI गैजेट्स दिखाएंगे.
  • 17 फरवरी: खेती, सेहत, शिक्षा, ऊर्जा, जेंडर एम्पावरमेंट और दिव्यांगों के लिए AI रिसर्च बुक्स लॉन्च.
  • 18 फरवरी: टॉप वैज्ञानिक और रिसर्चर अपनी नई AI रिसर्च पेश करेंगे. टेक कंपनियां डेमो दिखाएंगी.
  • 19 फरवरी: पीएम मोदी के साथ ग्लोबल टेक दिग्गजों की बैठक, AI में बड़े निवेश और पार्टनरशिप पर फैसले.
  • 20 फरवरी: GPAI काउंसिल की मीटिंग, सदस्य देशों के प्रतिनिधि AI को सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने पर चर्चा करेंगे.

समिट की रूपरेखा

इस बार की चर्चाओं को 7 चक्रों में बांटा गया है: ह्यूमन कैपिटल, सोशल इनक्लूजन, सुरक्षित AI, इनोवेशन, साइंस, AI रिसोर्सेज का लोकतंत्रीकरण और आर्थिक विकास.

तीन मुख्य सूत्र:

पीपल: AI को मानवीय प्रगति और सांस्कृतिक विविधता के लिए इस्तेमाल करना.

प्लैनेट: जिम्मेदारी के साथ इनोवेशन को बढ़ावा देना.

प्रोग्रेस: AI को समावेशी विकास का इंजन बनाना ताकि सभी को समान अवसर मिले.

इस समिट के जरिए भारत और दुनिया दिखा रहे हैं कि AI सिर्फ तकनीक नहीं, बल्कि इंसानियत और विकास का साधन भी बन सकता है.

ये भी पढ़ें- दुनिया में इन 14 देशों के पास हैं एयरक्राफ्ट कैरियर, कौन है समंदर का सुल्तान, लिस्ट में भारत कहां?