अमेरिका की सेकेंड लेडी उषा वेंस एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं, लेकिन इस बार वजह उनके किसी बयान की नहीं, बल्कि एक ऐसी तस्वीर की है जिसने सोशल मीडिया पर सवालों की झड़ी लगा दी है. हाल ही में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी ने कई अटकलों को जन्म दे दिया है, खासकर तब जब लोगों ने ध्यान दिया कि उन्होंने अपनी वेडिंग रिंग नहीं पहनी थी.
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की पत्नी उषा वेंस बुधवार को फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप के साथ एक आधिकारिक दौरे पर नज़र आईं. दोनों ने मिलकर नॉर्थ कैरोलाइना के कैम्प लेजून और नौसैनिक दल के एयर स्टेशन न्यू रिवर का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने छात्रों, शिक्षकों, सैनिकों और उनके परिवारों से मुलाकात की. इसी कार्यक्रम की तस्वीरें जब सोशल मीडिया पर पहुंचीं, तो यूज़र्स की नज़र सीधे एक चीज़ पर टिक गई—उषा वेंस का बिना वेडिंग रिंग दिखना.
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
तस्वीरें सामने आते ही राजनीतिक विश्लेषकों और आम यूज़र्स ने इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं. रणनीतिकार ऐडम पार्कहोमेंको ने तो यहां तक कह दिया कि उषा वेंस का बिना रिंग दिखना "दिलचस्प" है. वहीं एक अन्य यूज़र ने लिखा, “यह उम्मीद से भी जल्दी हो रहा है.” इन प्रतिक्रियाओं ने अचानक से वेंस कपल के निजी रिश्तों पर चर्चाओं को गर्म कर दिया है.
पिछले विवादों से जुड़ गया नया मामला
हाल ही में जेडी वेंस और उषा वेंस पहले भी सुर्खियों में रहे थे, जब उपराष्ट्रपति ने एक कार्यक्रम में अपनी पत्नी के ‘ईसाई धर्म अपनाने’ को लेकर एक टिप्पणी की थी. हालांकि उन्होंने बाद में कहा कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया और उनका उद्देश्य किसी भी तरह का धार्मिक दबाव डालना नहीं था. उषा वेंस हिंदू धर्म का पालन करती हैं और इस मुद्दे पर खूब चर्चा होने के बाद जेडी वेंस ने स्पष्ट किया था कि वह अपनी पत्नी के विश्वास का सम्मान करते हैं. इसके तुरंत बाद एक और तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें जेडी वेंस को एक महिला—चार्ली कर्क की विधवा एरिका—के साथ गले मिलते हुए देखा गया था, जिस पर भी सोशल मीडिया में हलचल मच गई थी.
क्या उषा-जेडी के रिश्ते में सब कुछ ठीक है?
हालिया बिना रिंग वाली तस्वीर ने भले ही अटकलों को हवा दे दी हो, लेकिन अब तक ऐसी कोई विश्वसनीय रिपोर्ट सामने नहीं आई है जो यह दावा करे कि वेंस दंपति के बीच किसी तरह की परेशानी या खटास है. फिलहाल, यह घटना सोशल मीडिया चर्चाओं तक ही सीमित है, लेकिन इंटरनेट पर सवाल यह जरूर उठ रहा है कि क्या यह सिर्फ एक संयोग था या इसके पीछे कोई गहरी वजह छिपी है.
यह भी पढ़ें: चीन ने तोड़ा सब्र का बाण! जापान ने ऐसा क्या किया? गुस्से में लाल हुआ ड्रैगन का देश