US Pilot Rescued: मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. ईरान में लापता हुए अमेरिकी पायलट को लेकर अब दावा किया गया है कि उसे सुरक्षित बचा लिया गया है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि अमेरिकी सेना ने एक बेहद साहसी रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है.
दरअसल, हाल ही में ईरान के ऊपर अमेरिका का अत्याधुनिक लड़ाकू विमान एफ-15ई स्ट्राइक ईगल मार गिराया गया था. इस फाइटर जेट में दो पायलट सवार थे.
हमले के बाद एक पायलट को तुरंत बचा लिया गया था, जबकि दूसरा पायलट लापता हो गया था. इसके बाद उसे ढूंढने के लिए बड़े स्तर पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया.
ट्रंप का दावा- ‘हमने उसे ढूंढ लिया’
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि अमेरिकी सेना ने इतिहास के सबसे साहसी खोज और बचाव अभियानों में से एक को अंजाम दिया है.
उन्होंने बताया कि लापता पायलट ईरान के दुर्गम पहाड़ी इलाके में फंसा हुआ था और दुश्मन की नजर में था. इसके बावजूद अमेरिकी सेना लगातार उसकी लोकेशन पर नजर बनाए हुए थी और सही समय पर ऑपरेशन चलाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
ट्रंप के अनुसार, इस मिशन में कई अत्याधुनिक हथियारों से लैस विमान और विशेष बलों की टीम शामिल थी. पायलट को कुछ चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत अब स्थिर है और वह सुरक्षित है.
दो पायलटों का अलग-अलग रेस्क्यू
राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी कहा कि यह एक ऐतिहासिक घटना है, क्योंकि पहली बार ऐसा हुआ है जब दुश्मन के इलाके से दो अमेरिकी पायलटों को अलग-अलग ऑपरेशन के जरिए सुरक्षित निकाला गया है.
उन्होंने बताया कि पहले पायलट के रेस्क्यू की जानकारी तुरंत सार्वजनिक नहीं की गई थी, ताकि दूसरे मिशन को खतरा न हो.
अमेरिकी सांसद ने भी किया दावा
अमेरिकी सांसद डोनाल्ड जॉन बेकन ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पायलट के सुरक्षित बचाए जाने की बात कही है.
Reports of the second USAF aircrew member rescued is an answer to all our prayers. I honor the bravery of our search and rescue teams and our special forces. I hope no casualties. And, I salute the F-15E Weapon Systems Officer who put their survival skills to work in a very…
— Rep. Don Bacon 🇺🇸✈️🏍️⭐️🎖️ (@RepDonBacon) April 5, 2026
उन्होंने अमेरिकी वायुसेना, खोज एवं बचाव टीमों और विशेष बलों की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि यह खबर पूरे देश के लिए राहत देने वाली है.
बड़े स्तर पर चलाया गया सर्च ऑपरेशन
लापता पायलट की तलाश के लिए अमेरिका ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाया था. इस मिशन में ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टरों और सी-130 हरक्यूलिस जैसे सैन्य विमानों का इस्तेमाल किया गया.
मां की भावुक अपील
पायलट के लापता होने के बाद उसकी मां का एक भावुक संदेश भी सामने आया था. उन्होंने बताया था कि उन्हें अपने बेटे से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है और उन्होंने लोगों से उसकी सलामती के लिए प्रार्थना करने की अपील की थी.
इस घटना ने उस समय अमेरिका में चिंता का माहौल पैदा कर दिया था.
हालांकि राष्ट्रपति ट्रंप और सांसद डोनाल्ड जॉन बेकन ने पायलट के सुरक्षित मिलने का दावा किया है, लेकिन इस संबंध में अभी तक अमेरिकी सरकार की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
ये भी पढ़ें- IPL 2026 Points Table: GT की हार से DC को हुआ नुकसान, फिर से नंबर 1 पर पहुंची RR, देखें पॉइंट्स टेबल