Weather: सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड, दिल्ली-NCR से पंजाब तक छाएगा कोहरा, 11 राज्यों में बारिश का अलर्ट

नवंबर का आखिरी सप्ताह शुरू हो गया है और इसके साथ ही ठंड का असर भी बढ़ने लगा है. सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट महसूस होने लगी है. कई इलाकों में अब गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ने लगी है.

Weather Update Cold and fog to intensify during morning evening rain alert
Image Source: ANI

Aaj Ka Mausam: नवंबर का आखिरी सप्ताह शुरू हो गया है और इसके साथ ही ठंड का असर भी बढ़ने लगा है. सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट महसूस होने लगी है. कई इलाकों में अब गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ने लगी है. दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह के समय कोहरा और धुंध छाने की संभावना है. वहीं, मौसम विभाग ने देश के 11 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. पूर्वोत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक कई जगहों पर बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है.

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 22 नवंबर को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है. पुडुचेरी में भी बादल बरसने के आसार हैं. कुछ इलाकों में बिजली गिरने और गरज-चमक की चेतावनी दी गई है. हालांकि, रविवार को तेज हवाओं को लेकर कोई बड़ा अलर्ट नहीं है. तमिलनाडु और पुडुचेरी में 23 नवंबर से हवाओं की रफ्तार बढ़ सकती है. वहीं, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान गिरने से ठंड बढ़ेगी.

दिल्ली-NCR में और बढ़ेगी ठंड, सुबह छा सकती है धुंध

दिल्ली-NCR में ठंड का असर अब धीरे-धीरे बढ़ रहा है. रविवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. इससे पहले यह करीब 14 डिग्री था. वहीं, अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं के कारण कनकनी महसूस होगी. दिन में धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है. सुबह के वक्त कुछ इलाकों में धुंध और हल्का कोहरा भी देखने को मिल सकता है.

उत्तर प्रदेश में ठंडी हवाओं से बढ़ेगी गलन

उत्तर प्रदेश में रविवार को मौसम ठंडा रहने की संभावना है. गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मथुरा, रामपुर, सहारनपुर, आगरा, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, कानपुर और बिजनौर समेत कई जिलों में ठंड का असर बढ़ सकता है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. इससे सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ेगी. पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में कोहरा और धुंध भी छा सकती है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

बिहार में ठंड के बीच तेज हवाओं की चेतावनी

बिहार में रविवार को मौसम ठंडा बना रह सकता है. मुंगेर, बेगूसराय, किशनगंज, अररिया, नालंदा, रोहतास, गया, मुजफ्फरपुर और गोपालगंज समेत कुछ जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में खुले इलाकों में लोगों को ठंड ज्यादा महसूस होगी. पटना में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

झारखंड के संथाल परगना में बारिश के आसार

झारखंड में रविवार को कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है. गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में बारिश होने की संभावना है. इन इलाकों में चक्रवाती सिस्टम का असर देखने को मिल सकता है. कुछ जगहों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. रांची में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

पश्चिम बंगाल में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट

पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में रविवार को बारिश हो सकती है. दक्षिण बंगाल के जिलों में रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है. मुर्शिदाबाद, दक्षिण दिनाजपुर, मालदा और कोलकाता समेत कई इलाकों में मौसम बदल सकता है. वहीं, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भी बारिश के आसार हैं. कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. दक्षिण बंगाल के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. कोलकाता में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

राजस्थान में मौसम रहेगा साफ, बारिश की संभावना नहीं

राजस्थान में रविवार को लोगों को बारिश से राहत मिल सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, 22 नवंबर को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. बारिश, आंधी या ओलावृष्टि को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है. अगले कुछ दिनों तक भी पश्चिमी, मध्य और पूर्वी राजस्थान में मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं. हालांकि, रात के तापमान में गिरावट से सुबह और शाम ठंड बढ़ सकती है. जयपुर में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

मध्य प्रदेश में बारिश का अलर्ट नहीं, दिन में निकलेगी धूप

मध्य प्रदेश में रविवार को मौसम सामान्य रहने की संभावना है. राज्य में फिलहाल बारिश या तेज आंधी को लेकर कोई विशेष अलर्ट नहीं है. दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड महसूस होगी. भोपाल में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.

पंजाब में सुबह छाएगा कोहरा, ठंडी हवाओं से बढ़ेगी परेशानी

पंजाब में नवंबर के आखिरी दिनों के साथ ठंड बढ़ने लगी है. रविवार को सुबह के समय कई इलाकों में धुंध और कोहरा देखने को मिल सकता है. इससे खासकर हाईवे पर सफर करने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है. दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन शाम होते ही तापमान गिरने लगेगा. ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस होगी.

उत्तराखंड में ठंड जारी, फिलहाल बर्फबारी के आसार नहीं

उत्तराखंड में रविवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने 22 नवंबर को बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया है. ऊंचाई वाले इलाकों में भी फिलहाल मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि, पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और रात के समय तापमान कम रहने से ठंड बढ़ेगी. नैनीताल में अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. ऐसे में बर्फबारी देखने की उम्मीद लेकर पहाड़ों पर जाने वाले पर्यटकों को अभी इंतजार करना पड़ सकता है.

हिमाचल प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट नहीं

हिमाचल प्रदेश में रविवार को मौसम सामान्य रहने की संभावना है. IMD ने फिलहाल राज्य में बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं दी है. शिमला में अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में रात के समय ठंड ज्यादा महसूस हो सकती है.

जम्मू-कश्मीर में फिलहाल मौसम रहेगा सामान्य

जम्मू-कश्मीर में रविवार को बारिश या बर्फबारी की कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है. ऊंचाई वाले इलाकों में भी मौसम विभाग ने किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं जताया है. मैदानी इलाकों में मौसम सामान्य रह सकता है. तापमान में बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है, हालांकि सुबह और रात के समय ठंड बनी रहेगी.

पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश और बिजली गिरने की आशंका

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में रविवार को बारिश का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का भी खतरा है. असम और मेघालय में भी तेज बारिश के आसार हैं. वहीं, अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है.

दक्षिण भारत में तमिलनाडु से केरल तक बारिश

दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. तमिलनाडु के चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू, विल्लुपुरम, कुड्डालोर, तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम, पुदुक्कोट्टई और रामनाथपुरम में 22 नवंबर को बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा आंध्र प्रदेश और केरल के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है. पुडुचेरी और कराईकल में भी बादल बरसने के आसार हैं.

मौसम विभाग के अनुसार, 23 नवंबर से तमिलनाडु और पुडुचेरी में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. कुछ जगहों पर हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलने का अनुमान है. वहीं, केरल में 24 और 25 नवंबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. चेन्नई में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.