India NOTAM: भारत अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के पास कोई बड़ा मिसाइल परीक्षण करने की तैयारी में है? यह सवाल इसलिए उठ रहा है, क्योंकि भारत ने इस इलाके के लिए नोटिस टू एयरमेन (NOTAM) और समुद्री चेतावनी जारी की है. यह क्षेत्र रणनीतिक रूप से बेहद अहम है और यहां से दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में शामिल मलक्का जलडमरूमध्य भी ज्यादा दूर नहीं है. ऐसे में ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल या अग्नि-6 के परीक्षण की अटकलें तेज हो गई हैं. हालांकि, भारत सरकार या रक्षा मंत्रालय ने अभी तक किसी मिसाइल परीक्षण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
जारी नोटिस के मुताबिक, 22 नवंबर 2026 को सुबह 7 बजे से 25 नवंबर को शाम 6 बजे तक इस इलाके में विशेष गतिविधियां हो सकती हैं. इस दौरान समुद्र की सतह से लेकर काफी ऊंचाई तक का क्षेत्र निर्धारित किया गया है. इसका मतलब है कि तय क्षेत्र में विमानों और जहाजों की आवाजाही पर पाबंदी या नियंत्रण लगाया जा सकता है, ताकि किसी संभावित परीक्षण के दौरान सुरक्षा बनी रहे.
ब्रह्मोस या अग्नि-6, किस मिसाइल के परीक्षण की तैयारी?
अंडमान-निकोबार क्षेत्र में NOTAM जारी होने के बाद भारत की दो ताकतवर मिसाइलों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. इनमें ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल और अग्नि-6 बैलिस्टिक मिसाइल शामिल हैं. भारत इन दोनों मिसाइलों की मारक क्षमता बढ़ाने पर काम कर रहा है.
ब्रह्मोस भारत की सबसे ताकतवर सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों में से एक है. इसका मौजूदा संस्करण करीब 500 किलोमीटर तक मार कर सकता है, जबकि इसके निर्यात वाले संस्करण की रेंज 290 किलोमीटर बताई जाती है. अब इसकी मारक क्षमता को 800 से 1500 किलोमीटर तक बढ़ाने की तैयारी की जा रही है. ऐसे में अंडमान क्षेत्र में इसके विस्तारित रेंज वाले संस्करण के परीक्षण की संभावना जताई जा रही है.
दूसरी ओर, अग्नि-6 को लेकर भी चर्चा तेज है. इसे भारत की लंबी दूरी तक मार करने वाली इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल के रूप में विकसित किए जाने की बात कही जाती है. इसकी अनुमानित मारक क्षमता 10 हजार किलोमीटर या उससे अधिक हो सकती है. हालांकि, इस मिसाइल की क्षमता और परीक्षण से जुड़ी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
फिलहाल यह साफ नहीं है कि भारत किस मिसाइल का परीक्षण करने जा रहा है. NOTAM में भी मिसाइल के नाम, उसकी रेंज या परीक्षण के मकसद का खुलासा नहीं किया गया है.
मलक्का जलडमरूमध्य से चीन की बढ़ती है टेंशन
अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह की सबसे बड़ी खासियत इसकी रणनीतिक स्थिति है. यहां से मलक्का जलडमरूमध्य पर नजर रखना आसान होता है. यह समुद्री रास्ता हिंद महासागर और प्रशांत महासागर को जोड़ता है. चीन के लिए भी यह बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि उसके तेल और ऊर्जा की बड़ी खेप इसी रास्ते से होकर गुजरती है.
यही वजह है कि मलक्का जलडमरूमध्य को चीन की कमजोर नस भी कहा जाता है. अगर किसी कारण से इस रास्ते पर आवाजाही प्रभावित होती है तो चीन की ऊर्जा आपूर्ति और व्यापार पर बड़ा असर पड़ सकता है.
भारत भी इस इलाके में अपनी सैन्य ताकत और निगरानी क्षमता लगातार बढ़ा रहा है. अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में सैन्य ठिकानों और सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है, ताकि हिंद महासागर में भारत की पकड़ और मजबूत हो सके.
अंडमान में सैन्य ताकत बढ़ाकर चीन पर नजर रखेगा भारत
अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह भारत के लिए सिर्फ द्वीपों का समूह नहीं, बल्कि एक अहम सैन्य ठिकाना भी है. यहां से मलक्का जलडमरूमध्य के आसपास होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सकती है. भारत इस क्षेत्र में हवाई और समुद्री निगरानी के साथ अपनी सैन्य सुविधाओं को भी मजबूत कर रहा है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आने वाले समय में यहां आधुनिक हथियार और रक्षा प्रणालियां तैनात की जा सकती हैं. इससे भारत को हिंद महासागर में अपनी स्थिति मजबूत करने और चीन की समुद्री गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी.
ऐसे में अंडमान-निकोबार क्षेत्र के लिए जारी NOTAM को काफी अहम माना जा रहा है. हालांकि, इसे ब्रह्मोस या अग्नि-6 के परीक्षण से जोड़ना अभी सिर्फ अटकल है. असली तस्वीर तभी साफ होगी, जब भारत की ओर से इस गतिविधि को लेकर आधिकारिक जानकारी दी जाएगी.
ये भी पढ़ें- खाड़ी में फिर भड़की जंग, ईरान ने अमेरिका के दो सैन्य ठिकानों पर मचाई तबाही, मिसाइल-ड्रोन से हमला