Asia Power Index 2026: दुनिया में भारत की ताकत और प्रभाव लगातार बढ़ रहा है. अब इसकी झलक अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भी देखने को मिल रही है. एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत ने तीसरा स्थान हासिल किया है. इस सूची में भारत से आगे केवल अमेरिका और चीन हैं. वहीं, जापान और रूस जैसे देश भारत से पीछे हैं. खास बात यह है कि चीन और भारत के बीच ताकत का अंतर भी 2018 के बाद सबसे कम हो गया है.
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित लोवी इंस्टीट्यूट (The Lowy Institute) की ओर से जारी इस रिपोर्ट में भारत का कुल स्कोर बढ़कर 40.5 हो गया है. यह भारत की बढ़ती आर्थिक, सैन्य और कूटनीतिक ताकत को दिखाता है. संस्थान ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी इसकी जानकारी साझा की है.
एशिया के टॉप 5 ताकतवर देश
लोवी इंस्टीट्यूट की 2026 की रैंकिंग में अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले स्थान पर है. चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे और भारत 40.5 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर है. जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे और रूस 32.2 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है.
इस तरह भारत ने जापान और रूस को पीछे छोड़ दिया है. भारत का स्कोर जापान से भी ज्यादा है. यह दिखाता है कि एशिया में भारत का प्रभाव लगातार मजबूत हो रहा है.
कूटनीतिक ताकत में भारत का शानदार प्रदर्शन
रिपोर्ट के मुताबिक, कूटनीतिक प्रभाव भारत की सबसे मजबूत ताकत बनकर उभरा है. इस क्षेत्र में भारत को 70.3 अंक मिले हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्षेत्रीय नेतृत्व को लेकर भी भारत की स्थिति बेहतर हुई है. इस मामले में मोदी तीन स्थान ऊपर पहुंचे हैं और अब चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया के दूसरे सबसे प्रभावी नेता माने गए हैं.
ASIA POWER INDEX: In 2026, the top five countries for overall power in Asia are the United States, China, India, Japan and Russia. Australia remains sixth in this year’s ranking. https://t.co/qrk0mc8Z8y https://t.co/VVdHc9oo5H
— The Lowy Institute (@LowyInstitute) November 22, 2026
आर्थिक रिश्तों के मामले में भी भारत ने सुधार किया है. इस श्रेणी में भारत दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गया है. क्षेत्रीय व्यापार और निवेश से जुड़े रिश्तों में मजबूती का फायदा भारत को मिला है.
रक्षा और सांस्कृतिक प्रभाव भी बढ़ा
रक्षा के क्षेत्र में भी भारत की स्थिति मजबूत हुई है. भारत का रक्षा नेटवर्क स्कोर बढ़कर 18.6 अंक हो गया है. इस श्रेणी में भारत नौवें स्थान पर पहुंचा है. क्षेत्रीय देशों के साथ रक्षा सहयोग बढ़ने और दक्षिण-पूर्व एशिया में ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री से भारत को इस क्षेत्र में फायदा मिला है.
वहीं, भारत का सांस्कृतिक प्रभाव भी बढ़ा है. इस श्रेणी में भारत का स्कोर 43.8 अंक तक पहुंच गया है. रिपोर्ट के अनुसार, दूसरे देशों तक भारतीय संस्कृति की पहुंच, लोगों के बीच संपर्क और आपसी रिश्तों में सुधार हुआ है.
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि 2023 के बाद पहली बार भारत के पास मौजूद संसाधनों और एशिया में उसके वास्तविक प्रभाव के बीच का अंतर कम हुआ है. इसका मतलब है कि भारत अपनी उपलब्ध ताकत का इस्तेमाल क्षेत्रीय स्तर पर पहले से बेहतर तरीके से कर रहा है.
चीन अब भी भारत से काफी आगे
भारत की रैंकिंग में सुधार जरूर हुआ है, लेकिन चीन से मुकाबला अभी आसान नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की कुल ताकत भारत से करीब 80 फीसदी ज्यादा है. हालांकि, दोनों देशों के बीच का अंतर 2018 के बाद सबसे कम स्तर पर आ गया है.
एशिया पावर इंडेक्स 2026 में कुल 27 देशों और क्षेत्रों को शामिल किया गया है. इनकी ताकत का आकलन 131 अलग-अलग पैमानों के आधार पर किया गया है. इसमें आर्थिक क्षमता, सैन्य ताकत, संकट से निपटने की क्षमता, कूटनीतिक प्रभाव और आर्थिक रिश्तों समेत कुल आठ क्षेत्रों को देखा जाता है.
लोवी इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट में क्या खास है?
लोवी इंस्टीट्यूट ऑस्ट्रेलिया का एक स्वतंत्र संस्थान है, जिसकी स्थापना 2003 में कारोबारी सर फ्रैंक लोवी ने की थी. यह दुनिया की राजनीति, सुरक्षा, विदेश नीति और अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर अध्ययन करता है. संस्थान की एशिया पावर इंडेक्स रिपोर्ट साल 2018 से जारी हो रही है. इसमें एशिया के अलग-अलग देशों की ताकत और प्रभाव का आकलन किया जाता है.
हंटर मार्सटन ने भी भारत की बढ़ती ताकत का किया जिक्र
लोवी इंस्टीट्यूट के एशिया पावर इंडेक्स के डायरेक्टर हंटर मार्सटन ने भी नई रिपोर्ट को लेकर एक्स पर जानकारी साझा की है. उन्होंने बताया कि इस बार के इंडेक्स में भारत का स्कोर बढ़कर 40.5 हो गया है. इससे एशिया में एक बड़ी ताकत के रूप में भारत की स्थिति और मजबूत हुई है.
उन्होंने यह भी कहा कि 2018 के बाद पहली बार चीन और भारत के बीच ताकत का अंतर इतना कम हुआ है. आर्थिक क्षमता के मामले में भारत को कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ा है, लेकिन इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शी जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी नेता माना गया है.