Cyber Fraud: 20 करोड़ की धोखाधड़ी, 22 हजार लोग बने शिकार... जामताड़ा के साइबर गैंग का पर्दाफाश

देश में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. इसी बीच दिल्ली पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का खुलासा किया है. पुलिस ने पांच दिनों तक अभियान चलाकर 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Delhi Police Busted Jharkhand Jamtara Cyber Fraud Nexus 22 arrested
प्रतीकात्मक तस्वीर/ Freepik

Jamtara Cyber Fraud: देश में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. इसी बीच दिल्ली पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का खुलासा किया है. पुलिस ने पांच दिनों तक अभियान चलाकर 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि इस गिरोह ने 22,139 लोगों को अपना शिकार बनाया और 20 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी की आशंका है. इस नेटवर्क का कनेक्शन झारखंड के जामताड़ा के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से भी जुड़ा मिला है.

5 दिन तक चला पुलिस का ऑपरेशन, 22 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने 11 से 15 नवंबर के बीच यह अभियान चलाया था. इसके लिए 64 पुलिसकर्मियों की सात टीमें बनाई गई थीं. इन टीमों ने झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में 17 अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी 11 साइबर ठगी गिरोहों और एक APK पैनल बनाने वाले नेटवर्क से जुड़े हुए थे.

मोबाइल में APK फाइल भेजकर करते थे ठगी

पुलिस की जांच में पता चला कि गिरोह के कुछ सदस्य खतरनाक एंड्रॉइड APK फाइलें तैयार करते थे और उन्हें लोगों तक पहुंचाते थे. इन फाइलों के जरिए लोगों के मोबाइल फोन और बैंकिंग से जुड़ी जानकारी हासिल की जाती थी. इसके बाद उनके बैंक खातों से पैसे निकाल लिए जाते थे.

गिरफ्तार आरोपियों में ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिन पर इन खतरनाक फाइलों को बनाने और दूसरे लोगों तक पहुंचाने का आरोप है. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच कर रही है.

22 हजार से ज्यादा पीड़ित, 2 हजार से अधिक शिकायतें

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह से जुड़ी ठगी का शिकार 22,139 लोग हुए हैं. वहीं, नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज 2,080 शिकायतों का सीधा संबंध गिरफ्तार आरोपियों से मिला है.

DCP (पश्चिम) हरेश्वर स्वामी ने बताया कि जांच के दौरान APK फाइलों के जरिए की गई ठगी से जुड़ी 1,300 से ज्यादा शिकायतों की पड़ताल की गई. इसके अलावा 32 संदिग्ध मोबाइल एप्लिकेशन की फॉरेंसिक जांच हुई और ठगी के इस तरीके से जुड़ी 56 सोशल मीडिया प्रोफाइल भी खंगाली गईं.

पुलिस ने आरोपियों के पास से 63 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, दो मैकबुक और एक टैबलेट बरामद किया है.

एक ही पैनल से तैयार होती थीं फर्जी APK फाइलें

जांच में इस गिरोह के काम करने का तरीका भी सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक सेंट्रलाइज्ड पैनल के जरिए खतरनाक APK फाइलें तैयार करते थे. इस पैनल को बनाने वाले लोग दूसरे सदस्यों को मास्टर लॉगिन आईडी और पासवर्ड देते थे.

इसके बाद ये सदस्य हर महीने किराया लेकर दूसरे लोगों को भी इस पैनल का इस्तेमाल करने की सुविधा देते थे. इस तरह सब-डिस्ट्रीब्यूटर्स तक इसका नेटवर्क फैल जाता था. वे अलग-अलग लोगों या संस्थाओं की पहचान बनाकर उनके नाम से कस्टमाइज्ड APK फाइलें तैयार कर सकते थे.

पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क के जरिए अलग-अलग तरीकों से लोगों को निशाना बनाया जा रहा था. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बरामद डिजिटल उपकरणों की जांच के जरिए साइबर ठगी के इस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है.