Agniveer Marriage: अग्निवीरों को मिली शादी की छूट, TOD ट्रेनिंग के बाद बसा सकेंगे घर, बस एक शर्त

अग्निवीरों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है. अब नौसेना के अग्निवीर अपने दूसरे कार्यकाल यानी एक्सटेंशन पीरियड में शादी कर सकेंगे.

Agniveers granted permission to marry Second Tour Of Duty ToD training
Image Source: ANI

Agniveer Marriage Rule: अग्निवीरों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है. अब नौसेना के अग्निवीर अपने दूसरे कार्यकाल यानी एक्सटेंशन पीरियड में शादी कर सकेंगे. हालांकि, इसके लिए उन्हें एक जरूरी शर्त पूरी करनी होगी. दूसरे कार्यकाल में शामिल होने के बाद अग्निवीरों को पहले चार हफ्ते की ट्रेनिंग पूरी करनी होगी. इसके बाद ही उन्हें शादी करने की अनुमति मिलेगी.

दरअसल, नौसेना में भर्ती हुए अग्निवीरों के पहले बैच का चार साल का कार्यकाल पूरा हो चुका है. इस बैच के 25 फीसदी योग्य अग्निवीरों को स्थायी सेवा में शामिल होने का मौका दिया गया है. वहीं, बाकी योग्य अग्निवीरों को दो साल का एक्सटेंशन दिया जा रहा है. इस दूसरे कार्यकाल को सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी (TOD) नाम दिया गया है.

चार हफ्ते की ट्रेनिंग के बाद मिलेगी शादी की इजाजत

सूत्रों के मुताबिक, नौसेना के जिन अग्निवीरों को दो साल का एक्सटेंशन मिला है, उन्हें कुछ समय के ब्रेक के बाद दोबारा सेवा शुरू करनी होगी. सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी के लिए नामांकन होने के बाद उन्हें करीब चार हफ्ते की ट्रेनिंग दी जाएगी. इस ट्रेनिंग को पूरा करने के बाद वे शादी कर सकेंगे.

यानी अग्निवीरों को दूसरे कार्यकाल में शादी करने की अनुमति तो मिलेगी, लेकिन इसके लिए शुरुआती ट्रेनिंग पूरी करना जरूरी होगा. यह नियम उनके दूसरे कार्यकाल की शुरुआत में लागू होगा.

अग्निवीरों को दिए गए ज्वाइनिंग इंस्ट्रक्शंस

सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी के लिए अग्निवीरों को ज्वाइनिंग से जुड़े निर्देश भी दिए गए हैं. हालांकि, इन निर्देशों में सालाना छुट्टियों को लेकर स्थिति साफ नहीं की गई है. अभी यह जानकारी नहीं दी गई है कि दूसरे कार्यकाल में भी अग्निवीरों को पहले की तरह हर साल 30 दिन की छुट्टी मिलेगी या छुट्टियों की संख्या में कोई बदलाव होगा.

इस बीच अगले महीने थल सेना और वायुसेना के पहले बैच के अग्निवीरों का भी चार साल का कार्यकाल पूरा होने वाला है. ऐसे में उनके लिए आगे की सेवा को लेकर भी फैसले सामने आ सकते हैं.

दूसरे कार्यकाल में ACC एंट्री का भी मिलेगा मौका

अग्निवीरों के लिए एक और अच्छी खबर है. दो साल के एक्सटेंशन पीरियड के दौरान योग्य अग्निवीर आर्मी कैडेट कॉलेज (ACC) में प्रवेश के लिए भी आवेदन कर सकेंगे. इस रास्ते से उन्हें सेना में अधिकारी बनने का मौका मिल सकता है.

दरअसल, ACC एंट्री के जरिए सेना में पहले से काम कर रहे जवानों को अधिकारी बनने का अवसर दिया जाता है. इसके लिए जवानों को चयन प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है. चयनित उम्मीदवारों को ACC विंग में चार साल की पढ़ाई और ट्रेनिंग करनी होती है.

यह प्रक्रिया पूरी करने के बाद कैडेट को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त किया जाता है. अब तक अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए अग्निवीरों के लिए चार साल के कार्यकाल में ACC एंट्री का विकल्प उपलब्ध नहीं था. लेकिन दो साल के एक्सटेंशन पीरियड में योग्य अग्निवीरों के लिए यह रास्ता खुल सकता है.

2022 में शुरू हुई थी अग्निपथ योजना

केंद्र सरकार ने साल 2022 में अग्निपथ योजना शुरू की थी. इसके तहत सेना, नौसेना और वायुसेना में अग्निवीरों की भर्ती की जाती है. इस योजना के तहत जवानों का शुरुआती कार्यकाल चार साल का होता है. इसके बाद योग्य अग्निवीरों में से 25 फीसदी तक को स्थायी सेवा में शामिल करने का प्रावधान है.

अब नौसेना के पहले बैच का चार साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद दो साल के एक्सटेंशन और ACC एंट्री जैसे विकल्प सामने आए हैं. इससे योग्य अग्निवीरों को सेवा जारी रखने और आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे.

ये भी पढ़ें- 'पीएम मोदी ने बचा लिया', सोना सस्ता होने के बाद CTI ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र, क्यों कर रहे तारीफ?