UPSSSC JE Agriculture Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए रोजगार का एक और मौका सामने आया है. खास तौर पर वे अभ्यर्थी जो कृषि इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कर चुके हैं और UPSSSC PET-2025 में शामिल हुए थे, उनके लिए यह भर्ती महत्वपूर्ण है.
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने कृषि निदेशालय के तहत कनिष्ठ अभियंता (कृषि) के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती के जरिए 134 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. आवेदन प्रक्रिया 17 सितंबर 2026 से शुरू होगी और इच्छुक उम्मीदवार 7 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
134 पदों पर होगी कनिष्ठ अभियंता की भर्ती
UPSSSC की ओर से जारी भर्ती विज्ञापन के मुताबिक कनिष्ठ अभियंता (कृषि) के कुल 134 पद निर्धारित किए गए हैं. इनमें 54 पद सामान्य वर्ग, 23 पद अनुसूचित जाति, एक पद अनुसूचित जनजाति, 43 पद अन्य पिछड़ा वर्ग और 13 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित हैं.
भर्ती का नोटिफिकेशन 14 अगस्त 2026 को जारी किया गया था. आवेदन की शुरुआत 17 सितंबर से होगी और 7 अक्टूबर आवेदन की अंतिम तारीख होगी. उम्मीदवार 14 अक्टूबर 2026 तक अपने आवेदन में जरूरी संशोधन कर सकेंगे.
PET-2025 पास अभ्यर्थी ही कर सकेंगे आवेदन
इस भर्ती की मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए UPSSSC PET-2025 में हिस्सा लेना अनिवार्य है. उम्मीदवार के पास PET-2025 का वैध स्कोरकार्ड होना चाहिए. आयोग PET के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट करेगा.
जिन उम्मीदवारों का PET-2025 स्कोर शून्य या निगेटिव रहा है, उन्हें मुख्य परीक्षा के लिए चयनित नहीं किया जाएगा. पदों की संख्या के करीब 15 गुना अभ्यर्थियों को श्रेणीवार मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका दिए जाने की व्यवस्था है.
कृषि इंजीनियरिंग में तीन साल का डिप्लोमा जरूरी
कनिष्ठ अभियंता (कृषि) पद के लिए उम्मीदवार का हाईस्कूल या उसके समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है. इसके साथ कृषि इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा भी होना चाहिए. यह डिप्लोमा उत्तर प्रदेश बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन या सरकार से मान्यता प्राप्त किसी समकक्ष संस्थान से होना चाहिए और AICTE से अनुमोदित होना आवश्यक है.
आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है. उम्र की गणना भर्ती वर्ष की 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी.
100 सवालों की होगी मुख्य परीक्षा
मुख्य परीक्षा में उम्मीदवारों की तकनीकी समझ के साथ कंप्यूटर और उत्तर प्रदेश से जुड़े सामान्य ज्ञान का भी परीक्षण किया जाएगा. परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा. इनमें कृषि इंजीनियरिंग से जुड़े 65 प्रश्न, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी से 15 प्रश्न और उत्तर प्रदेश से संबंधित सामान्य जानकारी के 20 प्रश्न शामिल होंगे. परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को दो घंटे का समय मिलेगा. गलत उत्तर देने पर निगेटिव मार्किंग लागू होगी और प्रत्येक गलत जवाब के लिए निर्धारित अंक का एक-चौथाई हिस्सा काटा जाएगा.
आवेदन के समय 25 रुपये देनी होगी फीस
इस भर्ती के लिए शुरुआती ऑनलाइन आवेदन के दौरान सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को 25 रुपये प्रोसेसिंग फीस जमा करनी होगी. जो उम्मीदवार PET-2025 के स्कोर के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट होंगे, उनसे मुख्य परीक्षा के लिए अलग से शुल्क लिया जाएगा. इसलिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को आयोग की ओर से जारी विज्ञापन में दी गई फीस और अन्य शर्तों को ध्यान से देख लेना चाहिए, ताकि फॉर्म भरते समय किसी तरह की गलती न हो.
PET रजिस्ट्रेशन नंबर से ऐसे करें आवेदन
आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद उम्मीदवार UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे. इसके लिए PET-2025 का रजिस्ट्रेशन नंबर और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या ईमेल पर प्राप्त OTP के जरिए लॉगिन करना होगा.
इसके बाद मांगी गई व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अन्य जानकारी भरकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी. 25 रुपये की प्रोसेसिंग फीस ऑनलाइन जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट किया जा सकेगा. आवेदन पूरा होने के बाद उम्मीदवार को उसका प्रिंटआउट या डिजिटल कॉपी सुरक्षित रखनी चाहिए, क्योंकि आगे की भर्ती प्रक्रिया में इसकी जरूरत पड़ सकती है.
ये भी पढ़ें: IOCL में नौकरी का शानदार मौका, 470 पदों पर निकली भर्ती, जानिए योग्यता और सिलेक्शन प्रोसेस