Pakistan High Commission: दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर बने कुछ ढांचों को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया. अधिकारियों के मुताबिक, हाई कमीशन की तय सीमा से बाहर बने इन ढांचों को हटाया गया है. कार्रवाई के दौरान बैरिकेड, लोहे की फेंसिंग और वीजा सेक्शन के पास लोगों की कतार संभालने के लिए बनाए गए ढांचे भी हटा दिए गए.
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब दो दिन पहले इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर भी सुरक्षा से जुड़े कुछ इंतजाम हटाए गए थे. हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच कोई सीधा संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
जेसीबी से हटाए गए ढांचे
कार्रवाई के दौरान संबंधित एजेंसियों ने जेसीबी की मदद से हाई कमीशन के बाहर सड़क की लेन में बने ढांचों और बैरिकेड को हटाया. वीजा सेक्शन के पास लोगों की लाइन को व्यवस्थित रखने के लिए लगाए गए क्यू मैनेजमेंट ढांचे भी तोड़ दिए गए.
#WATCH | Delhi | Indian authorities dismantle the external security perimeter outside the Pakistan High Commission, removing traffic bollards and barricades that previously ring-fenced the diplomatic compound. pic.twitter.com/QYvbj7s7fE
— ANI (@ANI) August 20, 2026
मौके से सामने आई तस्वीरों में टूटी हुई रेलिंग, लोहे के फ्रेम, गेट, छत की चादरें, ईंट और कंक्रीट के टुकड़े दिखाई दिए. हाई कमीशन के बाहरी हिस्से में लगी सफेद धातु की फेंसिंग और कुछ छत की चादरें भी हटा दी गईं.
मुख्य गेट और इमारत को नहीं पहुंचा नुकसान
बुलडोजर की कार्रवाई हाई कमीशन की मुख्य इमारत तक नहीं की गई. मुख्य गेट, सफेद दीवारें और पाकिस्तान के निशान वाला बड़ा प्रवेश द्वार पहले की तरह सुरक्षित रहा.
परिसर के कुछ हिस्सों में कांटेदार तार भी दिखाई दिए. कार्रवाई के बाद वीजा सेक्शन के सर्विस काउंटर पहले की तुलना में ज्यादा साफ नजर आने लगे.
वहां ‘विंडो 1’, ‘पाकिस्तान पासपोर्ट ऑनली’ और ‘विंडो-5 / कलेक्शन ऑफ वीजा एप्लीकेंट्स’ जैसे बोर्ड लगे हुए थे. इन काउंटरों के आसपास टूटी फेंसिंग और निर्माण से जुड़ा सामान पड़ा दिखाई दिया.
भारतीय हाई कमीशन के बाहर हुई थी कार्रवाई
इससे दो दिन पहले 17 अगस्त को इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर लगाए गए कुछ सुरक्षा बैरिकेड और पार्किंग पोल हटा दिए गए थे. वहां भी बाहरी सुरक्षा घेरे से जुड़े कुछ इंतजामों को हटाया गया था.
इसके बाद दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर हुई कार्रवाई को लेकर दोनों घटनाओं की तुलना की जा रही है. हालांकि, अभी तक भारत या पाकिस्तान की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, जिसमें दिल्ली की कार्रवाई को इस्लामाबाद में हुई कार्रवाई का जवाब बताया गया हो.
फिलहाल दिल्ली में हुई कार्रवाई को हाई कमीशन की तय सीमा से बाहर बने ढांचों को हटाने की कार्रवाई बताया गया है. दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण रिश्तों को देखते हुए इस घटनाक्रम पर नजर बनी हुई है.
ये भी पढ़ें- 'कश्मीर भारत का हिस्सा', सर्गियो गोर के बयान से पाकिस्तान को बड़ा झटका, कैसे बदल गई अमेरिका की नीति?