उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यूपी एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है. टीम ने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश संजय उर्फ संजीव को मुठभेड़ में मार गिराया. यह एनकाउंटर इंदिरा कैनाल रोड पर हुआ.
मुठभेड़ के दौरान संजय गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस उसे तुरंत डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का था मुख्य शूटर
पुलिस के अनुसार, संजय अंबेडकरनगर जिले का रहने वाला था और लंबे समय से फरार चल रहा था. उस पर लखनऊ पुलिस की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित था.
एसटीएफ का कहना है कि संजय लखनऊ के चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था. पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी.
जमीन विवाद में हुई थी संदीप सिंह की हत्या
27 मई 2026 को पीजीआई थाना क्षेत्र में बिल्डर संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. जांच में सामने आया था कि इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और जमीन का विवाद था.
एसटीएफ की जांच में यह भी पता चला कि संदीप सिंह की हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई थी.
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुआ एनकाउंटर
इस मामले में कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, लेकिन मुख्य शूटर संजय पुलिस की पकड़ से बाहर था.
शनिवार सुबह एसटीएफ को उसकी लोकेशन इंदिरा कैनाल रोड पर मिली. टीम ने इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की. पुलिस का कहना है कि संजय ने खुद को घिरा देख फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई.
कई जिलों में दर्ज थे गंभीर मुकदमे
संजय उर्फ संजीव अंबेडकरनगर के कोदार गांव का रहने वाला था. उसके खिलाफ अंबेडकरनगर, बस्ती और अयोध्या समेत कई जिलों में हत्या और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज थे.
पुलिस के अनुसार, वह कुख्यात अपराधी दिलीप वर्मा और खान मुबारक गैंग के संपर्क में था. दोनों गैंग के साथ मिलकर उसने कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था.
पुलिस ने बताया बड़ी सफलता
संदीप सिंह हत्याकांड के मास्टरमाइंड दिनेश यादव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. अब मुख्य शूटर संजय के एनकाउंटर के बाद पुलिस का कहना है कि इस चर्चित हत्याकांड के मामले में उसे बड़ी सफलता मिली है.
ये भी पढ़ें- US Attack Iran: अमेरिका ने ईरान पर किया हमला, मिलिट्री साइट्स को बनाया निशाना; IRGC ने किया पलटवार