सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक हैरान करने वाला ट्रेंड देखने को मिला "Trump is dead". इस ट्रेंड ने न सिर्फ अमेरिकी नागरिकों को बल्कि दुनियाभर के लोगों को भी चौंका दिया. बड़ी संख्या में लोग यह जानने की कोशिश करने लगे कि क्या वाकई में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ कोई अनहोनी हो गई है.
इस अफवाह की शुरुआत एक इंटरव्यू से मानी जा रही है. अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि अगर किसी "भयानक त्रासदी" की स्थिति उत्पन्न होती है, तो वह राष्ट्रपति की जिम्मेदारी संभालने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. यह बयान यूएसए टुडे को दिए गए एक विशेष साक्षात्कार के दौरान दिया गया था. हालांकि, वेंस ने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति ट्रंप पूरी तरह से स्वस्थ हैं और बेहद ऊर्जावान हैं. उन्होंने यह भी कहा कि ट्रंप हर दिन उन्हें रात में कॉल करते हैं और अक्सर सुबह सबसे पहले फोन करने वाले शख्स भी वही होते हैं.
स्वास्थ्य को लेकर भी आई थी खबरें
हाल ही में व्हाइट हाउस ने पुष्टि की थी कि राष्ट्रपति ट्रंप को क्रोनिक वेनस इनसफीशिएंसी नाम की एक बीमारी है, जो पैरों में सूजन की समस्या पैदा करती है. इसके चलते स्वास्थ्य को लेकर भी कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन किसी गंभीर खतरे की बात सामने नहीं आई.

पहले भी फैल चुकी हैं ऐसी अफवाहें
यह पहला मौका नहीं है जब ट्रंप की मृत्यु को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाहें उड़ी हों. साल 2023 में उनके बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर का एक्स अकाउंट हैक कर लिया गया था, और उसमें एक फर्जी पोस्ट डाली गई थी जिसमें दावा किया गया था कि ट्रंप की मृत्यु हो चुकी है और ट्रंप जूनियर अब राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ेंगे. हालांकि, कुछ ही देर में ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर खुद सामने आकर इन अफवाहों का खंडन किया था.
फिलहाल राष्ट्रपति पूरी तरह स्वस्थ
मौजूदा समय में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ना सिर्फ पूरी तरह फिट हैं बल्कि सक्रिय रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं. उपराष्ट्रपति वेंस के बयान को गलत तरीके से पेश करने के कारण सोशल मीडिया पर यह ट्रेंड उभरा, जिसकी कोई सच्चाई नहीं है.
यह भी पढ़ें: भारत-चीन रिश्तों में नई गर्माहट, मोगाओ की गुफाओं में दिखा साझा इतिहास, जानें क्या है वो चीज