अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ को लेकर एक और बड़ा बदलाव किया है. उन्होंने कुछ इलेक्ट्रॉनिक सामानों को टैरिफ से छूट देने का ऐलान किया है. इसका फायदा अमेरिकी जनता को होगा, क्योंकि इन सामानों की कीमतें अब नहीं बढ़ेंगी. साथ ही Apple और Samsung जैसी बड़ी कंपनियों को भी राहत मिलेगी.
किन चीजों को मिली छूट?
ट्रंप सरकार की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्ड ड्राइव, कंप्यूटर प्रोसेसर और मेमोरी चिप्स को टैरिफ से बाहर कर दिया गया है. ये सामान आम तौर पर अमेरिका में नहीं बनते हैं, और अगर बनने भी लगें तो इसमें कई साल लग सकते हैं.
सेमीकंडक्टर मशीनों पर भी राहत
इसके अलावा सेमीकंडक्टर बनाने वाली मशीनों को भी टैरिफ से छूट दी गई है. इससे TSMC जैसी कंपनियों को फायदा मिलेगा, जो अमेरिका में बड़ी मात्रा में निवेश कर रही हैं. इस फैसले से अन्य चिप बनाने वाली कंपनियां भी राहत महसूस करेंगी.
टैरिफ पर पहले भी लिया था यू-टर्न
यह पहला मौका नहीं है जब ट्रंप ने टैरिफ पर यू-टर्न लिया हो. इससे पहले 9 अप्रैल को ट्रंप ने 90 दिनों के लिए भारत समेत कई देशों पर लगे टैरिफ को अस्थायी रूप से रोक दिया था. इस दौरान केवल 10% रेसिप्रोकल टैरिफ ही लागू रहेगा.
क्या है रेसिप्रोकल टैरिफ?
रेसिप्रोकल टैरिफ का मतलब है कि जैसे टैरिफ दूसरे देश अमेरिका पर लगाते हैं, वैसे ही टैरिफ अमेरिका भी उन पर लगाएगा. लेकिन अब इस फैसले में बदलाव कर कुछ जरूरी सामानों को छूट दी गई है, जिससे लोगों को महंगाई से राहत मिल सके. ट्रंप के इस फैसले से जहां अमेरिकी उपभोक्ताओं को सस्ते इलेक्ट्रॉनिक सामान मिलेंगे, वहीं टेक्नोलॉजी कंपनियों को भी राहत मिलेगी. यह कदम अमेरिका की आर्थिक और व्यापारिक रणनीति का एक हिस्सा है.