नई दिल्ली/वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने हाल ही में विश्वभर में हलचल मचा दी थी. ट्रंप ने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें भारत और चीन जैसे देशों के लिए 'हेलहोल' (नर्क जैसे) शब्दों का इस्तेमाल किया गया था. इस पर उठे विवाद के बाद, अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने अपना बयान जारी कर इस मुद्दे पर सफाई दी और बताया कि ट्रंप ने भारत को एक ‘महान देश’ के रूप में स्वीकार किया है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत के शीर्ष नेतृत्व में उनका एक बहुत अच्छा दोस्त है.
क्या था मामला?
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर माइकल सैवेज का एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें अमेरिकी नागरिकता पर सख्त टिप्पणी की गई थी. माइकल सैवेज, जो एक प्रसिद्ध रूढ़िवादी लेखक और रेडियो होस्ट हैं, ने अमेरिका में जन्म के आधार पर नागरिकता देने की नीति की आलोचना की थी. सैवेज ने आरोप लगाया था कि विदेशी नागरिक इस नीति का गलत फायदा उठाते हुए, अमेरिका में आकर अपने बच्चों को वहां की नागरिकता दिलवाते हैं. इस वीडियो में उन्होंने भारत और चीन के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसे लेकर बाद में विवाद गहरा गया.
भारत का संयमित प्रतिक्रिया
भारत सरकार ने इस पूरे विवाद पर कूटनीतिक तरीके से प्रतिक्रिया दी है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से जब इस बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इसे लेकर बहुत सटीक और संतुलित जवाब दिया. उन्होंने कहा, “हमने इस तरह की कुछ रिपोर्ट्स देखी हैं, लेकिन इस मुद्दे पर हम ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते.” भारत सरकार ने इस मामले को लेकर कोई आक्रामक रुख अपनाने की बजाय संयम का परिचय दिया है और कूटनीतिक तरीके से इस पर प्रतिक्रिया दी.
माइकल सैवेज की अन्य आलोचनाएं
सैवेज ने केवल भारत और चीन पर ही टिप्पणी नहीं की, बल्कि उन्होंने अमेरिकी न्याय व्यवस्था और ‘अमेरिकन सिविल लिबर्टीज यूनियन’ (ACLU) पर भी निशाना साधा. सैवेज का कहना था कि अमेरिका में अवैध प्रवासियों की बाढ़ लाने के लिए अमेरिकी न्याय व्यवस्था जिम्मेदार है. उन्होंने तर्क दिया कि नागरिकता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर अदालत के बजाय जनता की राय ली जानी चाहिए और इस पर वोटिंग कराई जानी चाहिए.
भारत को बताया ‘महान देश’
इस विवाद के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी टिप्पणी में सुधार करते हुए कहा कि भारत एक ‘महान देश’ है और उन्होंने भारत के नेताओं को लेकर सकारात्मक बयान दिए. ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत के साथ उनके अच्छे संबंध हैं और वहां के नेतृत्व में उनका एक अच्छा दोस्त है. इस तरह ट्रंप ने इस विवाद को शांत करने की कोशिश की और भारत के प्रति अपनी तारीफ की.
ये भी पढ़ें: हाथों में राइफलें, चेहरे पर नकाब और ट्रंप को संदेश... दो जहाजों पर ईरानी कब्जे का वीडियो आया सामने