ट्रंप ने सीरियाई राष्‍ट्रपति से किया अजीबोगरीब सवाल! कहा- 'आपकी कितनी बीवियां हैं...?'

वॉशिंगटन डीसी का व्हाइट हाउस 10 नवंबर को उस पल का गवाह बना, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और सीरिया के नए राष्ट्रपति अहमद अल-शरा आमने-सामने बैठे — यह वह दृश्य था जिसे दुनिया कभी “नामुमकिन” मानती थी.

Trump al-Sharaa Meeting Asked how many wives you have
Image Source: Social Media

वॉशिंगटन डीसी का व्हाइट हाउस 10 नवंबर को उस पल का गवाह बना, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और सीरिया के नए राष्ट्रपति अहमद अल-शरा आमने-सामने बैठे — यह वह दृश्य था जिसे दुनिया कभी “नामुमकिन” मानती थी. 1946 में फ्रांस से आजादी के बाद यह पहला मौका था जब कोई सीरियाई राष्ट्राध्यक्ष अमेरिकी राष्ट्रपति से व्हाइट हाउस में मिला हो. लेकिन इस ऐतिहासिक मुलाकात को कूटनीतिक से ज्यादा एक मजेदार लम्हे ने सुर्खियों में ला दिया है.

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में राष्ट्रपति ट्रंप सीरियाई राष्ट्रपति अल-शरा को अपनी सिग्नेचर ‘विक्ट्री’ परफ्यूम लाइन की बोतल भेंट करते नजर आते हैं. ट्रंप पहले खुद पर, फिर अल-शरा पर स्प्रे करते हैं और मुस्कुराते हुए कहते हैं, “यह दुनिया की सबसे बेहतरीन खुशबू है  और यह दूसरी बोतल आपकी पत्नी के लिए. इसके बाद ट्रंप अचानक मजाकिया लहजे में पूछते हैं, “वैसे, आपकी कितनी बीवियां हैं… एक? अल-शरा थोड़े झेंपते हुए जवाब देते हैं, “एक.” उनके जवाब पर व्हाइट हाउस के हॉल में ठहाके गूंज उठते हैं. ट्रंप हंसते हुए कहते हैं, “आप लोगों के साथ तो कभी पता नहीं चलता. यह क्लिप कुछ ही घंटों में वायरल हो गई, और इस मुलाकात की औपचारिकता हंसी-ठहाकों के बीच फीकी पड़ गई.

एक आतंकवादी कमांडर से राष्ट्रपति तक का सफर

अहमद अल-शरा, जिन्हें पहले अबू मोहम्मद अल-जुलानी के नाम से जाना जाता था, कभी कुख्यात संगठन अल-कायदा के क्षेत्रीय कमांडर रह चुके हैं. अमेरिका ने उन्हें वांटेड टेररिस्ट घोषित किया था और उनके सिर पर 10 मिलियन डॉलर का इनाम रखा था. लेकिन वक्त बदला, और दिसंबर 2024 में उनके नेतृत्व वाले सुन्नी गुट हयात तहरीर अल-शाम (HTS) ने दमिश्क में बशर अल-असद की शिया सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया. इस सत्ता परिवर्तन को अमेरिका और पश्चिमी देशों ने सीरिया में नया अध्याय माना.

अतीत पुराना हो चुका है, अल-शरा का बयान

फॉक्स न्यूज को दिए एक विशेष इंटरव्यू में अल-शरा ने कहा, कि अल-कायदा से मेरा जुड़ाव अब पुरानी बात हो चुकी है. राष्ट्रपति ट्रंप के साथ हमारी बातचीत में इसका कोई जिक्र नहीं हुआ. वहीं, ट्रंप ने इस मुलाकात को “अद्भुत और सकारात्मक” बताते हुए कहा, मेरा अल-शरा से अच्छा तालमेल है. वह मजबूत नेता हैं और सीरिया में स्थिरता लाने की दिशा में काम करेंगे.

सीरियाई तोहफे और नए संबंधों की शुरुआत

अल-शरा ने ट्रंप को सीरिया की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक चार दुर्लभ उपहार दिए पहली वर्णमाला की प्रतिकृति, प्राचीन मुहर, संगीत की पहली लिखित धुन और पहला कस्टम टैक्स रिकॉर्ड.इन कलाकृतियों के जरिए उन्होंने यह संदेश दिया कि सीरिया केवल युद्ध का प्रतीक नहीं, बल्कि सभ्यता की जननी भी है.

आतंकवाद और प्रतिबंधों पर नई रणनीति

मुलाकात के दौरान दोनों देशों के बीच कई मुद्दों पर चर्चा हुई. जिसमें आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई, मध्य पूर्व में स्थिरता, और सीरिया पर लगे अमेरिकी प्रतिबंधों को हटाने जैसे विषय प्रमुख रहे. अल-शरा ने अमेरिका-नीत गठबंधन में शामिल होने का आश्वासन दिया, जो आईएसआईएस (ISIS) के खिलाफ कार्रवाई में मदद करेगा. सूत्रों के अनुसार, ट्रंप प्रशासन इस गठबंधन के विस्तार को मध्य पूर्व में अमेरिका की “नई नीति” के रूप में देख रहा है.

ट्रंप-अल-शरा की मुलाकात का संदेश

इस भेंट ने वैश्विक कूटनीति में नई बहस छेड़ दी है. जहां एक ओर इसे साहसिक कदम माना जा रहा है, वहीं आलोचक इसे जोखिम भरा प्रयोग बता रहे हैं. एक पूर्व अमेरिकी राजनयिक के मुताबिक “ट्रंप का सीरिया जैसे विवादित देश के नेता से खुलकर बातचीत करना इस बात का संकेत है कि अमेरिका अपने दुश्मनों से भी संवाद की राह खोलने को तैयार है.”

यह भी पढ़ें: इस्तांबुल में है यूक्रेन की शांति का रास्ता? ट्रंप की मदद करेंगे एर्दोगन; क्या सुलझेगा युद्ध?