Morocco Spain Border Crisis: स्पेन के स्यूटा क्षेत्र में गुरुवार को हालात अचानक बिगड़ गए, जब बड़ी संख्या में प्रवासियों ने मोरक्को की ओर से सीमा पार कर स्पेन में प्रवेश करने की कोशिश की. स्थिति को संभालने के लिए स्पेन सरकार को अतिरिक्त सुरक्षा बलों के साथ सेना भी तैनात करनी पड़ी. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने स्यूटा का दौरा करने का फैसला किया है. उनके साथ गृह मंत्री भी वहां की स्थिति का जायजा लेंगे.
स्यूटा क्यों है इतना अहम?
स्यूटा उत्तरी अफ्रीका में स्थित स्पेन का एक छोटा क्षेत्र है. यह चारों ओर से मोरक्को से घिरा हुआ है, लेकिन प्रशासनिक रूप से स्पेन का हिस्सा है. इसलिए यहां पहुंचने वाले लोग यूरोप की सीमा तक पहुंच जाते हैं. बेहतर रोजगार, सुरक्षित जीवन और बेहतर भविष्य की उम्मीद में अफ्रीका के कई देशों के लोग इस रास्ते से यूरोप पहुंचने की कोशिश करते हैं.
IN CRE I BLE #Ceuta cientos de marroquíes a la carrera tras llegar a nado al espigón del Tarajal#FronteraSur #Haraga #Inmigracion pic.twitter.com/qVA6MwDuxU
— KARIM PRIM (@KARIMPRIM) July 30, 2026
कैसे पार की गई सीमा?
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, गुरुवार सुबह अचानक हजारों लोग सीमा की ओर बढ़ने लगे. कई लोग समुद्र किनारे बने रास्ते से पैदल स्यूटा में दाखिल हो गए. भीड़ में ज्यादातर युवा पुरुष थे, लेकिन महिलाओं और छोटे बच्चों वाले परिवार भी शामिल थे. कुछ लोगों को सीमा पार करते समय स्पेन के समर्थन में नारे लगाते हुए भी देखा गया.
कितने लोग पहुंचे, अभी साफ नहीं
अधिकारियों ने अभी तक सीमा पार करने वाले लोगों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है. हालांकि स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि हजारों लोग स्यूटा में पहुंच चुके हैं. सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि हालात काफी चुनौतीपूर्ण हैं और सीमा पर व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल हो गया है.
कई लोगों की मौत की खबर
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इस ताजा घटना में कई लोगों की जान गई है. वहीं पिछले कुछ दिनों में मरने वालों की संख्या 60 से ज्यादा बताई जा रही है. अधिकारियों ने मौतों के कारणों की पूरी जानकारी नहीं दी है, लेकिन समुद्र में कई शव मिलने की खबर सामने आई है.
सेना की मदद से संभाले जा रहे हालात
स्यूटा प्रशासन ने केंद्र सरकार से अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजने की मांग की थी. इसके बाद स्पेन सरकार ने सेना को सिविल गार्ड की मदद के लिए तैनात करने का फैसला लिया. स्थानीय प्रशासन ने राष्ट्रीय आपातकाल लगाने की मांग भी की थी, लेकिन स्पेन के गृह मंत्रालय ने कहा कि मौजूदा कानून के तहत इस स्थिति को राष्ट्रीय आपातकाल घोषित करने का आधार नहीं माना जा सकता.
मोरक्को का क्या है रुख?
मोरक्को सरकार ने इस घटना पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. हालांकि स्पेन का कहना है कि दोनों देश इस संकट से निपटने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं. दोनों सरकारें अवैध रूप से सीमा पार करने वाले लोगों को वापस भेजने की प्रक्रिया पर भी सहयोग कर रही हैं.
ये भी पढ़ें- Nepal Violence: 3 मौतों के बाद 5 जिलों में कर्फ्यू, नेपाल में हिंदू और मुसलमानों के बीच शुरू हुई हिंसा