छठ पूजा का नाम आते ही ठेकुए का स्वाद याद आने लगता है. बिहार और झारखंड की यह पारंपरिक प्रसाद गेहूं के आटे, गुड़ और घी से तैयार की जाती है. स्वाद में लाजवाब ठेकुआ त्योहारों के साथ-साथ आम दिनों में भी खूब पसंद किया जाता है. लेकिन अगर आप वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं या अपनी डाइट पर ध्यान देते हैं, तो इसे खाते समय कैलोरी का हिसाब रखना भी जरूरी है.
आमतौर पर 35 से 40 ग्राम के एक ठेकुए में करीब 160 से 220 कैलोरी हो सकती हैं. हालांकि, इसकी कैलोरी ठेकुए के आकार, उसमें इस्तेमाल किए गए गुड़ और घी की मात्रा और बनाने के तरीके पर निर्भर करती है. ऐसे में सवाल है कि तेल या घी में तला हुआ ठेकुआ ज्यादा कैलोरी देता है या एयर फ्रायर में बना ठेकुआ? आइए जानते हैं.
तेल में तले और एयर फ्रायर वाले ठेकुए में कितना है अंतर?
अगर आप ठेकुआ घी या तेल में डीप फ्राई करते हैं, तो एक पीस में लगभग 160 से 220 कैलोरी हो सकती हैं. तलने के दौरान ठेकुआ कुछ मात्रा में तेल या घी सोख लेता है, जिससे उसकी कुल कैलोरी बढ़ जाती है. वहीं, एयर फ्रायर में कम तेल या घी का इस्तेमाल करके बनाए गए एक ठेकुए में करीब 120 से 170 कैलोरी हो सकती हैं. यानी एयर फ्रायर में ठेकुआ बनाने से अतिरिक्त तेल की मात्रा कम की जा सकती है. हालांकि, इससे ठेकुआ पूरी तरह लो-कैलोरी नहीं बन जाता, क्योंकि गेहूं के आटे, गुड़ और घी से मिलने वाली कैलोरी इसमें मौजूद रहती है.
एयर फ्रायर में ऐसे बनाएं स्वादिष्ट ठेकुआ
अगर आप कम तेल में ठेकुआ बनाना चाहते हैं, तो एयर फ्रायर का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए आपको एक कप गेहूं का आटा, आधा कप गुड़, 2 से 3 चम्मच घी, थोड़ी सौंफ और जरूरत के अनुसार पानी चाहिए.
पहला स्टेप: सबसे पहले गुड़ को थोड़े गुनगुने पानी में डालकर अच्छी तरह घोल लें. ध्यान रखें कि गुड़ पूरी तरह घुल जाए.
दूसरा स्टेप: अब एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, सौंफ और घी डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद धीरे-धीरे गुड़ वाला पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें.
तीसरा स्टेप: तैयार आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें और उन्हें ठेकुए का आकार दें. आप चाहें तो सांचे या कांटे की मदद से इन पर पारंपरिक डिजाइन भी बना सकते हैं.
चौथा स्टेप: अब एयर फ्रायर को 160 से 170 डिग्री सेल्सियस पर पहले से गर्म कर लें. ठेकुए के ऊपर हल्का सा घी या तेल लगाएं और उन्हें एयर फ्रायर की बास्केट में रख दें.
पांचवां स्टेप: ठेकुए को करीब 10 से 15 मिनट तक पकाएं. बीच में एक बार पलट दें, ताकि वे दोनों तरफ से अच्छी तरह सिक जाएं. ध्यान रखें कि पकने का समय ठेकुए की मोटाई और एयर फ्रायर के मॉडल के हिसाब से बदल सकता है.
वजन कम कर रहे हैं तो कितने ठेकुए खाएं?
अगर आप वजन घटाने की कोशिश कर रहे हैं, तो ठेकुआ पूरी तरह छोड़ने की जरूरत नहीं है. कभी-कभी एक छोटा ठेकुआ खाने से आपकी पूरी डाइट खराब नहीं होती. हालांकि, इसकी मात्रा और खाने की नियमितता पर ध्यान देना जरूरी है.
यह भी पढ़ें: सुबह उठते ही भरपेट खाना सेहत के लिए अच्छा या नुकसानदायक? जानें एक्सपर्ट की राय