बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का खतरा, ओडिशा-आंध्र प्रदेश और बंगाल में अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर चक्रवात का खतरा मंडराने लगा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन तेजी से ताकतवर हो रहा है. इसके 16 नवंबर तक चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है.

bay-of-bengal-cyclone-alert-odisha-andhra-bengal-imd
Image Source: Internet

Weather: बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर चक्रवात का खतरा मंडराने लगा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन तेजी से ताकतवर हो रहा है. इसके 16 नवंबर तक चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है. इसके असर से ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

17 नवंबर तक गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. इसके बाद 17 नवंबर तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है. फिर यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के तट की ओर जा सकता है. हालांकि, फिलहाल इसके संभावित लैंडफॉल यानी तट से टकराने की जगह और सटीक रास्ते को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. 

ओडिशा में तीन हफ्तों में तीसरे संभावित चक्रवात का खतरा

ओडिशा पिछले कुछ हफ्तों में दो चक्रवाती तूफानों के प्रभाव का सामना कर चुका है. अब राज्य के सामने तीन सप्ताह के भीतर तीसरे संभावित चक्रवात का खतरा है. इसे देखते हुए राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन तंत्र को सतर्क कर दिया है.

मंत्री सुरेश पुजारी के मुताबिक, सभी जिला कलेक्टरों को अलर्ट पर रखा गया है. दक्षिणी, उत्तरी और तटीय जिलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि तूफान ओडिशा के तट से सीधे टकराए या नहीं, राज्य में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए तैयारियां जरूरी हैं.

ओडिशा, आंध्र प्रदेश और बंगाल में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पूर्वी तटीय राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की आशंका जताई है. भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 नवंबर को कुछ स्थानों पर 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश हो सकती है. वहीं, 19 और 20 नवंबर को ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इसके साथ तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं.

मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह

चक्रवाती सिस्टम के मजबूत होने की आशंका को देखते हुए IMD ने मछुआरों और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. मछुआरों को समुद्र में न जाने और मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने को कहा गया है.