ब्रह्मोस से हल्की सुपरसोनिक मिसाइल बना रहा भारत, SU-30MKI और तेजस से भी होगी लॉन्च, जानें खासियत

भारत अपनी सैन्य ताकत बढ़ाने के लिए एक नई स्वदेशी मिसाइल विकसित कर रहा है. रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) इस हल्की सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल पर काम कर रहा है.

India DRDO is developing a lightweight supersonic missile Su-30MKI Tejas
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Lightweight Supersonic Missile: भारत अपनी सैन्य ताकत बढ़ाने के लिए एक नई स्वदेशी मिसाइल विकसित कर रहा है. रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) इस हल्की सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल पर काम कर रहा है. खास बात यह है कि इसे भारतीय वायुसेना के सुखोई-30MKI लड़ाकू विमान से लॉन्च किया जा सकेगा. यह मिसाइल ब्रह्मोस से हल्की होगी. फिलहाल ब्रह्मोस के एयर लॉन्च वर्जन का वजन करीब 2.5 टन है.

नई मिसाइल का वजन कम होने से सुखोई-30MKI एक साथ कई मिसाइलें ले जा सकेगा. इससे दुश्मन के ठिकानों पर एक साथ कई सटीक हमले करना आसान होगा. जानकारी के मुताबिक, इस मिसाइल को DRDO की डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट लेबोरेटरी (DRDL) तैयार कर रही है. इसमें लिक्विड फ्यूल रैमजेट तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. इस तकनीक में शुरुआत में मिसाइल को रफ्तार देने के लिए बूस्टर लगाया जाता है. इसके बाद रैमजेट इंजन इसे सुपरसोनिक गति बनाए रखने में मदद करता है.

ब्रह्मोस और अस्त्र Mk-3 से अलग होगी मिसाइल

नई मिसाइल की तकनीक STAR (Supersonic TARget) प्रोग्राम से जुड़ी है. यह ब्रह्मोस और अस्त्र Mk-3 से अलग होगी. अस्त्र Mk-3 में सॉलिड फ्यूल डक्टेड रैमजेट तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि नई मिसाइल में लिक्विड फ्यूल रैमजेट तकनीक होगी.

इस मिसाइल को भविष्य में तेजस लड़ाकू विमानों पर भी लगाने की संभावना है. इसका कम वजन और छोटा आकार इसे तेजस Mk-1A और तेजस Mk-2 के लिए भी उपयोगी बना सकता है.

परीक्षण सफल हुआ तो वायुसेना को मिलेगी नई ताकत

अगर इस मिसाइल के परीक्षण सफल रहते हैं, तो भारत के पास एक नई स्वदेशी सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल होगी. इसे सुखोई-30MKI के अलावा भविष्य में तेजस जैसे लड़ाकू विमानों से भी लॉन्च किया जा सकेगा. इससे भारतीय वायुसेना की लंबी दूरी तक सटीक हमला करने की क्षमता बढ़ेगी.

हालांकि, अभी इस मिसाइल की रेंज, नाम, रफ्तार और वजन से जुड़ी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है. इसके परीक्षण की आधिकारिक समयसीमा भी घोषित नहीं की गई है.

हार्डवेयर बनाने की तैयारी शुरू

यह प्रोजेक्ट अब डिजाइन से आगे बढ़कर हार्डवेयर बनाने के चरण में पहुंच गया है. फिलहाल इसके स्ट्रक्चरल मॉडल तैयार किए जा रहे हैं. इनके जरिए यह जांच की जा रही है कि मिसाइल को लड़ाकू विमान के पाइलन और लॉन्चर रेल से आसानी से जोड़ा जा सकता है या नहीं.

ये मॉडल असली मिसाइल या उड़ान के लिए तैयार इंजन नहीं हैं, बल्कि उनके ढांचे की नकल हैं. इनमें मिसाइल का बाहरी हिस्सा, एयर इनटेक, कंट्रोल सरफेस और माउंटिंग ब्रैकेट शामिल हैं. इनके परीक्षण से यह समझने में मदद मिलेगी कि नई मिसाइल को लड़ाकू विमानों पर किस तरह लगाया जा सकता है.

ये भी पढ़ें- 'न्यूड फोटो' के बदले सीक्रेट जानकारी, पाकिस्तानी जासूस के हनीट्रैप में फंसा IAF अफसर, कई डेटा लीक!