प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर देश की दो बड़ी उपलब्धियों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों में भारत के करीब 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर आए हैं. इसके साथ ही देश नक्सलवाद और माओवादी हिंसा से मुक्ति की ओर तेजी से बढ़ रहा है. पीएम मोदी ने कहा कि इन दोनों बदलावों का सबसे ज्यादा फायदा आदिवासी समाज को मिला है.
प्रधानमंत्री शनिवार को जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया और आदिवासी समाज के योगदान को याद किया. अपने संबोधन में उन्होंने गरीबी कम करने, आदिवासी क्षेत्रों के विकास और नक्सलवाद के खिलाफ उठाए गए कदमों पर भी बात की.
जनजातीय गौरव दिवस अब राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है
पीएम मोदी ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अब केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि यह पूरे देश का उत्सव बन चुका है. इस दिवस को मनाने की शुरुआत 15 नवंबर 2021 से हुई थी. पिछले साल भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के मौके पर देशभर में दो लाख से ज्यादा कार्यक्रम आयोजित किए गए थे, जिनमें करोड़ों लोगों ने हिस्सा लिया था.
उन्होंने कहा कि भारत अब अपने इतिहास और महान नायकों को सम्मान के साथ याद कर रहा है. भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और उनका उलगुलान आज भी देश के लोगों को प्रेरणा देता है. कम उम्र में उन्होंने जिस साहस के साथ अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी, वह हमेशा याद रखा जाएगा.
12 साल में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए
प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 12 सालों में देश के करीब 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर निकले हैं. उन्होंने इसे आजादी के बाद भारत की बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया.
पीएम मोदी ने कहा कि इस सफलता का श्रेय किसी एक सरकार को नहीं दिया जा सकता. यह पूरे देश के लोगों की मेहनत और सामूहिक प्रयासों का नतीजा है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने आदिवासी समाज के विकास के लिए कई फैसले लिए और योजनाएं शुरू कीं, जिनका फायदा अब दिखाई दे रहा है.
नक्सली हिंसा का सबसे ज्यादा नुकसान आदिवासियों को हुआ
पीएम मोदी ने नक्सलवाद और माओवादी हिंसा को लेकर कहा कि इसका सबसे ज्यादा नुकसान आदिवासी समाज को उठाना पड़ा है. उन्होंने बताया कि साल 2014 में देश के करीब 125 जिले नक्सलवाद और माओवाद से प्रभावित थे. इन इलाकों में हर साल हिंसा की सैकड़ों घटनाएं होती थीं और हजारों निर्दोष लोगों की जान जाती थी.
प्रधानमंत्री के मुताबिक, इन घटनाओं में बड़ी संख्या आदिवासी परिवारों के लोगों की थी. उन्होंने कहा कि नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में मिली सफलता देश के लिए बड़ी उपलब्धि है. आदिवासी इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने से हालात में बदलाव आया है.
आदिवासी और पिछड़े इलाकों के विकास पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने लंबे समय से विकास की दौड़ में पीछे रह गए क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया है. इसके लिए 100 से ज्यादा आकांक्षी जिलों और 500 से अधिक आकांक्षी ब्लॉकों में विकास के काम किए जा रहे हैं. इनमें बड़ी संख्या उन इलाकों की है, जहां आदिवासी आबादी रहती है.
इसके अलावा पीएम कृषि धन-धान्य योजना के तहत कृषि के लिहाज से पिछड़े 100 जिलों पर भी ध्यान दिया जा रहा है. इसका उद्देश्य किसानों और गरीब परिवारों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर देना है.
पीएम मोदी ने गरीब परिवारों के लिए बनाए गए चार लाख से अधिक घरों का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि ऐसे 18 हजार घरों तक बिजली पहुंचाई गई है, जहां आजादी के बाद से बिजली नहीं पहुंची थी. इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा को भी गरीब परिवारों के लिए बड़ा कदम बताया.
170 से ज्यादा परियोजनाओं का उद्घाटन
जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर देश के अलग-अलग राज्यों में आदिवासी विकास से जुड़ी 170 से अधिक परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया. इसके अलावा 70 से ज्यादा नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई.
इस कार्यक्रम के दौरान मिजोरम में स्वतंत्रता सेनानी रोपुइलियानी को समर्पित एक संग्रहालय का उद्घाटन किया गया. वहीं, अरुणाचल प्रदेश में जनजातीय अनुसंधान संस्थान के नए भवन की भी शुरुआत हुई.
पीएम मोदी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन, उनका संघर्ष और अंग्रेजों के खिलाफ उनका आंदोलन देश के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा. सरकार का प्रयास है कि आदिवासी समाज को विकास के ज्यादा अवसर मिलें और देश की तरक्की में उनकी भागीदारी लगातार बढ़े.
ये भी पढ़ें- कभी बराबरी पर थी भारत-चीन की अर्थव्यवस्था, फिर कैसे बढ़ती गई खाई? जयशंकर ने बताया कहां हुई चूक