सुबह उठने के बाद क्या खाना चाहिए, इसे लेकर लोगों की अलग-अलग आदतें हैं. कुछ लोग दिन की शुरुआत भरपेट नाश्ते से करते हैं, तो कुछ सिर्फ चाय, बिस्कुट या फल खाकर काम चला लेते हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि सुबह पेटभर खाना चाहिए या अपनी भूख के हिसाब से नाश्ता करना सही है? आयुर्वेद और आधुनिक विज्ञान दोनों संतुलित खानपान पर जोर देते हैं. हालांकि, नाश्ते की मात्रा हर व्यक्ति की भूख, दिनचर्या और शारीरिक गतिविधियों के हिसाब से अलग हो सकती है. आइए जानते हैं कि सुबह के नाश्ते को लेकर आयुर्वेद और विज्ञान क्या कहते हैं.
आयुर्वेद के अनुसार सुबह कैसा होना चाहिए नाश्ता?
आयुर्वेद में सुबह 6 बजे से 10 बजे तक के समय को कफ काल माना जाता है. आयुर्वेदिक मान्यताओं के अनुसार, इस दौरान पाचन शक्ति धीमी रहती है. इसलिए सुबह उठते ही बहुत ज्यादा या भारी भोजन करने के बजाय हल्का और आसानी से पचने वाला नाश्ता करने की सलाह दी जाती है. अगर सुबह भूख नहीं लगती है, तो जबरदस्ती पेट भरकर खाने की जरूरत नहीं मानी जाती. नाश्ते में दलिया, पोहा, उपमा, फल और थोड़े मेवे शामिल किए जा सकते हैं.
वहीं, सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक के समय को पित्त काल कहा जाता है. आयुर्वेद के अनुसार, इस दौरान पाचन शक्ति अधिक सक्रिय रहती है. यही वजह है कि दोपहर के भोजन को दिन का मुख्य भोजन माना गया है. हालांकि, ये आयुर्वेद की पारंपरिक मान्यताएं हैं और हर व्यक्ति की पाचन क्षमता अलग हो सकती है.
साइंस के हिसाब से कितना खाना चाहिए सुबह?
आधुनिक पोषण विज्ञान के नजरिए से सुबह का नाश्ता ऐसा होना चाहिए, जो शरीर को जरूरी पोषक तत्व दे और लंबे समय तक ऊर्जा बनाए रखने में मदद करे. रात में कई घंटे तक कुछ न खाने के बाद संतुलित नाश्ता करना उपयोगी हो सकता है. नाश्ते में प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट वाली चीजें शामिल करना बेहतर विकल्प है. इसके लिए दूध, दही, दलिया, फल, मेवे या मूंग दाल का चीला खा सकते हैं. इन चीजों से शरीर को पोषण मिलता है और पेट भी लंबे समय तक भरा रह सकता है.
सुबह नाश्ता करते समय किन बातों का रखें ध्यान?
सुबह कितना खाना चाहिए, यह आपकी भूख, दिनभर की गतिविधियों और शारीरिक मेहनत पर निर्भर करता है. अगर आप सुबह एक्सरसाइज करते हैं या आपका काम ज्यादा शारीरिक मेहनत वाला है, तो आपको सामान्य से अधिक ऊर्जा और पोषण की जरूरत हो सकती है. वहीं, कम शारीरिक गतिविधि वाले लोगों के लिए सामान्य मात्रा में संतुलित नाश्ता पर्याप्त हो सकता है.
सबसे जरूरी बात यह है कि नाश्ते की मात्रा अपनी भूख और शरीर की जरूरत के अनुसार तय करें. हर व्यक्ति के लिए एक जैसा नाश्ता या उसकी एक जैसी मात्रा सही नहीं होती.