Weather: पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में बारिश... इन राज्यों में बदलेगा मौसम का मिजाज, IMD का अलर्ट

देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश होने की संभावना है.

Weather Snowfall rain weather to change in these states IMD issues alert
Image Source: ANI

Weather: देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश होने की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के साथ कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं. वहीं, राजस्थान में 14 और 15 नवंबर को हल्की बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग ने कई राज्यों में आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने को लेकर चेतावनी जारी की है.

मौसम विभाग के अनुसार, 13 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना है. 13 और 14 नवंबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. 14 और 15 नवंबर को भी यहां बारिश जारी रह सकती है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 13 से 15 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं.

हिमाचल में 15 नवंबर तक बारिश, येलो अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रह सकता है. शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 15 नवंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. अगले दो दिनों में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने का खतरा भी है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.

राज्य के निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, मध्यम ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है.

राजस्थान में 14 और 15 नवंबर को बदलेगा मौसम

राजस्थान में नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, 14 नवंबर को जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.

15 नवंबर को बीकानेर संभाग के उत्तरी हिस्सों और शेखावाटी क्षेत्र में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है. इसके बाद 16 नवंबर से राज्य के कुछ हिस्सों में तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है.

दिल्ली में सुबह रहेगा हल्का कोहरा

दिल्ली में 13 नवंबर को मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, 18 नवंबर तक दिल्ली में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है.

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी होगी बारिश

पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 13 नवंबर के अलावा 15 से 17 नवंबर के बीच बारिश होने की संभावना है. वहीं, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 13 नवंबर और 16 से 18 नवंबर के बीच बारिश हो सकती है. 13 नवंबर को असम और मेघालय में कुछ जगहों पर ओले गिरने का भी अनुमान है.

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 13 से 18 नवंबर तक बारिश होने की संभावना है. यहां 13 से 16 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं.

दक्षिण भारत की बात करें तो केरल में 13 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है. हालांकि, पश्चिम और मध्य भारत के राज्यों में इस सप्ताह मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है.

ये भी पढ़ें- Chhath Puja Nahay Khay: आज नहाय-खाय से छठ महापर्व शुरू, जानें कद्दू-भात का महत्व और व्रत के नियम