नई दिल्ली: भारतीय वायु सेना के एक विंग कमांडर पर पाकिस्तानी जासूसों को देश की सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारियां देने का आरोप लगा है. करीब छह महीने पहले दिल्ली से गिरफ्तार किए गए इस अधिकारी को लेकर दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. आरोप है कि वह एक पाकिस्तानी महिला जासूस के संपर्क में था और उसके जाल में फंसकर भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां साझा कर रहा था.
दिल्ली की अदालत में दाखिल चार्जशीट के मुताबिक, अधिकारी ने युद्ध की योजनाओं, सैन्य ड्रोनों की क्षमता, सैनिकों की तैनाती और लड़ाकू विमानों की आवाजाही से जुड़ी जानकारियां भेजीं. उसके खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.
न्यूड फोटो के बदले भेजता था युद्ध की गोपनीय जानकारी
पुलिस की चार्जशीट में दावा किया गया है कि विंग कमांडर ने पाकिस्तानी महिला जासूस से एक न्यूड फोटो मिलने के बदले युद्ध की गोपनीय योजना से जुड़ा एक पेज भेजा था. इतना ही नहीं, उसने कथित तौर पर कहा था कि हर न्यूड फोटो के बदले वह युद्ध की योजना से जुड़ा एक नया पेज भेजेगा.
इस तरह निजी बातचीत और तस्वीरों के जरिए अधिकारी को अपने जाल में फंसाया गया. पुलिस का आरोप है कि इसके बाद वह लगातार सैन्य जानकारियां साझा करता रहा.
जासूस ने मोबाइल में इंस्टॉल कराया स्पाइवेयर
चार्जशीट के अनुसार, विंग कमांडर और संदिग्ध पाकिस्तानी जासूस के बीच 12 जनवरी से 1 अप्रैल तक व्हाट्सएप पर बातचीत हुई थी. इस दौरान अधिकारी ने सैन्य ड्रोन यूनिट की सुरक्षा, उसके परीक्षण और हथियारों से जुड़े सिस्टम की संवेदनशील जानकारी भी साझा की.
पुलिस का यह भी दावा है कि पाकिस्तानी जासूस ने अधिकारी के मोबाइल फोन में मैलवेयर या स्पाइवेयर इंस्टॉल कराया था. इसके जरिए सैन्य अधिकारियों के बीच होने वाली बातचीत की जानकारी हासिल करने की कोशिश की गई.
जांच में यह बात भी सामने आई कि अधिकारी ने अपने अधीन काम करने वाले पांच अधिकारियों के मोबाइल फोन में भी कुछ खास सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करवाए थे. पुलिस को शक है कि इन सॉफ्टवेयर के जरिए भी गोपनीय जानकारियां जुटाई जा रही थीं.
लड़ाकू विमानों की तैनाती की जानकारी भी लीक
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने लद्दाख के लेह में लड़ाकू विमानों की तैनाती और राजस्थान के सूरतगढ़ स्थित महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में चल रहे सैन्य अभ्यास से जुड़ी जानकारियां भी साझा की थीं.
चार्जशीट में आरोपी के व्हाट्सएप डेटा का भी जिक्र किया गया है. इसके मुताबिक, उसने संदिग्ध पाकिस्तानी जासूस के साथ कुल 3,008 चैट किए. दोनों के बीच 65 तस्वीरें साझा हुईं, 42 बार वॉयस कॉल और चार बार वीडियो कॉल की गई. इसके अलावा छह यूआरएल भी एक-दूसरे को भेजे गए.
30 मई को हुई थी विंग कमांडर की गिरफ्तारी
दिल्ली पुलिस ने 30 मई को भारतीय वायु सेना के एक मौजूदा विंग कमांडर को गिरफ्तार किया था. उस पर आरोप था कि वह पाकिस्तानी जासूसों के हनीट्रैप में फंसकर सेना से जुड़ी गोपनीय जानकारियां लीक कर रहा था. उस पर अपने सहयोगियों के मोबाइल फोन में भी डेटा चुराने वाले सॉफ्टवेयर इंस्टॉल कराने का आरोप लगा था.
मामले की जांच के दौरान सामने आया कि वायु सेना के अधिकारी पर पहले से नजर रखी जा रही थी. कई महीनों तक उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखने के बाद खुफिया एजेंसियों को अलर्ट किया गया. इसके बाद भारतीय वायु सेना ने दिल्ली पुलिस को जानकारी दी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
44 साल के इस अधिकारी को फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में रखा गया है. मामला अदालत में विचाराधीन होने के कारण पुलिस ने उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान में रची गई कुलगाम हमले की साजिश? लश्कर का नया मुखौटा बेनकाब! लतीफ-मीर की तलाश में एजेंसियां