पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, 192 यात्री थे सवार; लैंडिंग गियर में आई खराबी

Emergency Landing: पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को रविवार सुबह उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही वापस पुणे लौटना पड़ा. विमान का लैंडिंग गियर उड़ान भरने के बाद अंदर नहीं जा सका और बाहर ही अटका रहा.

indigo-flight-pune-guwahati-emergency-landing-landing-gear-fault
Image Source: Internet

Emergency Landing: पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को रविवार सुबह उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही वापस पुणे लौटना पड़ा. विमान का लैंडिंग गियर उड़ान भरने के बाद अंदर नहीं जा सका और बाहर ही अटका रहा. स्थिति को देखते हुए पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुणे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई. विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत कुल 192 लोग सवार थे. राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है. आपात स्थिति से निपटने के लिए एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और अन्य बचाव दलों को अलर्ट कर दिया गया था.

रनवे के ऊपर से गुजारा गया विमान, फिर हुई सुरक्षित लैंडिंग

विमान को पुणे वापस लाने के बाद लैंडिंग से पहले एक खास प्रक्रिया अपनाई गई. विमान को रनवे के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि यह जांचा जा सके कि उसका लैंडिंग गियर ठीक से खुला हुआ है या नहीं. स्थिति की पुष्टि के बाद विमान को पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया. लैंडिंग के बाद तीन दमकल गाड़ियों और दो एंबुलेंस की मदद से विमान को बे नंबर-7 तक ले जाया गया. जांच में विमान की स्थिति सुरक्षित पाए जाने के बाद इमरजेंसी हटा दी गई. 

यात्रियों को गुवाहाटी भेजने के लिए दूसरे विमान की तैयारी

एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, विमान में सवार सभी 192 यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं. किसी को चोट नहीं आई है. वहीं, इंडिगो यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था कर रही थी. इसके लिए बेंगलुरु से एक विमान पुणे भेजने की तैयारी की जा रही थी.

क्या होता है लैंडिंग गियर और क्यों जरूरी है?

लैंडिंग गियर विमान के पहियों और उन्हें संभालने वाले पूरे सिस्टम को कहा जाता है. इसी की मदद से विमान रनवे पर सुरक्षित उतरता है और जमीन पर चलता है. उड़ान भरने के बाद आमतौर पर ये पहिए विमान के अंदर चले जाते हैं, ताकि हवा में उड़ते समय रुकावट कम हो. वहीं, लैंडिंग से पहले इन्हें दोबारा बाहर निकाला जाता है.

लैंडिंग गियर बाहर अटकने से क्या हो सकती है परेशानी?

इस मामले में विमान का लैंडिंग गियर उड़ान भरने के बाद अंदर नहीं जा सका और बाहर ही अटका रहा. ऐसी स्थिति में विमान की उड़ान प्रभावित हो सकती है और हवा के प्रतिरोध के कारण ईंधन की खपत भी बढ़ सकती है. इसके अलावा, लैंडिंग गियर में आई खराबी सुरक्षित लैंडिंग के दौरान जोखिम पैदा कर सकती है. इसी वजह से पायलट ने एहतियात बरतते हुए गुवाहाटी की ओर उड़ान जारी रखने के बजाय विमान को पुणे वापस लाने का फैसला किया. विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया.