पाकिस्तान में रची गई कुलगाम हमले की साजिश? लश्कर का नया मुखौटा बेनकाब! लतीफ-मीर की तलाश में एजेंसियां

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार दोपहर CRPF नाके पर हुए आतंकी हमले की जांच में सुरक्षा एजेंसियों को कई अहम सुराग मिले हैं. हमले की जिम्मेदारी पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर नाम के संगठन ने ली है.

Was the Kulgam attack plotted in Pakistan Lashkar new front exposed Latif-Mir
Image Source: ANI

Kulgam Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार दोपहर CRPF नाके पर हुए आतंकी हमले की जांच में सुरक्षा एजेंसियों को कई अहम सुराग मिले हैं. हमले की जिम्मेदारी पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर नाम के संगठन ने ली है. हालांकि, जांच एजेंसियों को शक है कि यह लश्कर-ए-तैयबा के द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) का एक नया मुखौटा संगठन है. एजेंसियों के मुताबिक, इस हमले के पीछे कुलगाम के रहने वाले स्थानीय आतंकी मोहम्मद लतीफ भट और सोपोर के बिलाल अहमद मीर का हाथ हो सकता है. शक है कि दोनों ने ही CRPF नाके पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए.

ग्रुप कमांडर लतीफ को सबसे खतरनाक मान रहीं एजेंसियां

सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी मिली है कि बिलाल अहमद मीर के साथ उसके दो साथी मोहम्मद उमर मीर और बारामुला का आबिद कयूम भी पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (POK) से सीमा पार कर जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ कर चुके हैं. इन सभी की तलाश की जा रही है.

एजेंसियों के मुताबिक, इस समूह में मोहम्मद लतीफ भट सबसे खतरनाक आतंकी माना जा रहा है. वह पिछले साल ही आतंकी संगठन में शामिल हुआ था और फिलहाल ग्रुप कमांडर की भूमिका में है. जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि हमले की जिम्मेदारी लेने वाला पत्र बुधवार रात करीब 10 बजे पाकिस्तान से अपलोड किया गया था. इससे पहले इस संगठन का नाम कभी सामने नहीं आया था.

लश्कर ने पहले भी बनाए हैं ऐसे मुखौटा संगठन

हमले की जिम्मेदारी लेने वाले पत्र पर सीरियल नंबर PHK-DOJ-002-2026 लिखा है. इसमें मोहम्मद उमर अज्जाम को संगठन का प्रवक्ता बताया गया है. उसका नाम भी पहले किसी आतंकी गतिविधि में सामने नहीं आया था.

जांच एजेंसियों को शक है कि इस नए संगठन को लश्कर-ए-तैयबा ने अपने पुराने तरीके से तैयार किया है. इससे पहले भी लश्कर पर अलग-अलग नामों से ऐसे संगठन बनाने के आरोप लगते रहे हैं. इनमें पीपल एंटी फासिस्ट फ्रंट (PAFF), कश्मीर टाइगर्स और कश्मीर रिवोल्यूशनरी आर्मी (KRA) जैसे नाम शामिल हैं. इन संगठनों के जरिए आतंकी गतिविधियों की जिम्मेदारी ली जाती रही है.

लेटर में RSS और हिंदुत्व शासन को दी गई धमकी

हमले की जिम्मेदारी लेने वाले पत्र में आगे भी हमले करने की धमकी दी गई है. इसमें कहा गया है कि मुजाहिदीन के अभियान जारी रहेंगे और आने वाले दिनों में RSS तथा हिंदुत्व शासन को निशाना बनाकर बड़े हमले किए जाएंगे. पत्र में जिहाद जारी रखने की बात भी कही गई है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए CRPF के स्पेशल DG संदीप खिरवार और दिल्ली से स्पेशल DG वितुल कुमार श्रीनगर पहुंचे. यहां उन्होंने सेना और दूसरी सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक की और पूरे हमले की समीक्षा की.

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्रालय भी इस मामले पर नजर बनाए हुए है. मंत्रालय जम्मू-कश्मीर प्रशासन और सुरक्षा से जुड़ी सभी एजेंसियों से लगातार जानकारी ले रहा है. सुरक्षा एजेंसियां हमले में शामिल आतंकियों की तलाश के साथ-साथ जिम्मेदारी लेने वाले संगठन के बारे में भी जांच कर रही हैं.

ये भी पढ़ें- दिल्ली में खतरनाक स्तर पर पहुंचा प्रदूषण, कई इलाकों में AQI 600 के पार, जहरीली हवा से कैसे बचें?